यूपी रोडवेज के सहारनपुर, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, मुरादाबाद, गाजियाबाद, बरेली परिक्षेत्र के लिए शनिवार को बसों की संख्या बढ़ा दी गई। शनिवार को भीड़ को देखते हुए वाराणसी, आजमगढ़, गोरखपुर, देवीपाटन परिक्षेत्र के लिए सर्वाधिक बसें चलाई गई।
यात्री प्रदेश के किसी भी हिस्से से आ रहे होंगे, उन्हें रोडवेज बसें प्रयागराज पहुंचाएंगी और वापसी की भी राह आसान करेंगी। इस बार महाशिवरात्रि पर रोडवेज ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश से आने वाली भारी भीड़ के लिए झूंसी से सर्वाधिक बसों के संचालन की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा, यहां पर सर्वाधिक संख्या में बसों को रिजर्व भी किया जा रहा है। बनारस-गोरखपुर की ओर की बसों का संचालन झूंसी से होगा।
लखनऊ के लिए बेला कछार से, कानपुर के लिए नेहरू पार्क और मीरजापुर-बांदा आदि के लिए लेप्रोसी में बसें 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। यूपी के सभी जिले के अलावा यूपी से सटे आठ राज्यों की सीमाओं से भी बसों का संचालन होगा। जैसे ही भीड़ बढ़ेगी आरक्षित बसों को भी मैदान में उतार दिया जाएगा। कोशिश यही होगी कि किसी भी स्थिति में तेजी के साथ श्रद्धालुओं को शहर से बाहर निकाला जाए और उन्हें गंतव्य तक पहुंचाया जाए। शनिवार को दिन भर रोडवेज अधिकारी अपनी तैयारियों को परखते रहे। महाशिवरात्रि के लिए रोडवेज की नौ पार्किंग शहर के बाहर बनाई गई है। इसमें तीन पार्किंग यथा बेला कछार प्रथम, द्वितीय व रिजर्व के नाम से रखी गई हैं। नेहरू पार्क बस स्टेशन, झूंसी, दुर्जनपुर, सरस्वती द्वार, लेप्रोसी व सरस्वती हाईटेक सिटी पार्किंग बनाई गई है।
झूंसी, सरस्वती गेट, नेहरू पार्क, बेला कछार, सरस्वती हाईटेक सिटी नैनी, लेप्रोसी मिशन बस स्टेशन से रोडवेज बसें यात्रियों को संबंधित रूट के लिए मिलेंगी।
]]>