उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर ऐसे कृत्य कर आजमगढ़ का नाम खराब करने में लगे रहते हैं और इसमें कहीं न कहीं विदेशी साजिश की भी आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि आजमगढ़ के लोग देश के विभिन्न हिस्सों—महाराष्ट्र, दिल्ली और विदेशों में रहकर मेहनत और ईमानदारी से नाम रोशन कर रहे हैं, लेकिन कुछ बुरी मानसिकता के लोग पूरे जिले को बदनाम करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति देशविरोधी गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने आजमगढ़ पुलिस से ऐसे लोगों की पृष्ठभूमि की गहन जांच कराने की मांग की और राज्य सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कदम उठाने की बात कही।
वहीं 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा चुनावी मोड में रहती है। पार्टी लगातार कार्यक्रमों और अभियानों के माध्यम से जनता के बीच सक्रिय रहती है, जिसका सीधा लाभ उसे मिलता है।
उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी और इसमें आजमगढ़ की अहम भूमिका होगी। पूर्वांचल में इस बार सबसे अधिक सीटें भाजपा जीतने जा रही है, क्योंकि पार्टी का वोट बैंक लगातार मजबूत हो रहा है।