अतरौलिया/आज़मगढ़। अतरौलिया के भदेवा मझौली में शनिवार को अंश कॉन्ट्रैक्टर एंड सप्लायर प्लांट का उद्घाटन मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि छोटे कुटीर उद्योगों से स्थानीय रोजगार बढ़ेगा और क्षेत्र का आर्थिक विकास तेज होगा। साथ ही मंत्री ने पंचायत चुनाव को लेकर फैली भ्रांतियों को निराधार बताया और कहा कि मतपत्र सभी 75 जिलों में पहुँच चुके हैं, 15 अप्रैल को मतदाता सूची प्रकाशित होगी। गैस की कथित किल्लत पर उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई कमी नहीं है और ऑनलाइन बुकिंग से ही कनेक्शन मिलते हैं।
क्षेत्र के भदेवा मझौली में शनिवार को अंश कॉन्ट्रैक्टर एंड सप्लायर प्लांट का शुभारंभ पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में मंत्री ने कहा कि प्रदेश और जिले के विकास के लिए इस तरह की पहल सराहनीय है। छोटे-छोटे कुटीर उद्योग लगने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ते हैं और युवाओं को काम मिलता है।
मंत्री राजभर ने बताया कि सरकार चाहती है कि प्रदेश में उद्योग स्थापित हों ताकि विकास की गति तेज हो सके। इस प्लांट के शुरू होने से आसपास के लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे और क्षेत्र का आर्थिक विकास भी बढ़ेगा।
पंचायत चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर जो भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं, वे निराधार हैं। एसआईआर, बोर्ड परीक्षाओं और आगामी जनगणना के कारण अधिकारी-कर्मचारी व्यस्त हैं, लेकिन चुनाव प्रक्रिया संविधान के दायरे में तय समय पर पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी 75 जिलों के मतपत्र छपकर जिला मुख्यालय पर पहुंच चुके हैं और 15 अप्रैल को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
गैस की कथित किल्लत के सवाल पर मंत्री ने कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है। यदि किसी ने गैस कनेक्शन लिया है तो उसे ऑनलाइन बुकिंग करनी होती है। कुछ लोग सरकार को बदनाम करने के लिए गलत बातें फैला रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हापुड़ से लेकर बलिया तक ब्लैक मार्केटिंग के मामलों में सबसे ज्यादा लोग सपा से जुड़े पकड़े गए हैं।
इस मौके पर क्षेत्र के प्रधान राम रखवारे प्रजापति, वीरेंद्र सागर, कोपई, निठुरी, निखिल, राम विनय, रामदुलारे और राम फेर सहित कई लोग मौजूद रहे।
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में सफाईकर्मी की नौकरी दिलाने के नाम पर तीन लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार अतरौलिया थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी कन्हैया पुत्र स्व. अलगू यादव ने बीते 5 मार्च को थाना अतरौलिया में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि महाजी सिंगवारा थाना कोतवाली महराजगंज निवासी परमानंद यादव पुत्र मनिराम यादव और रामानंद यादव पुत्र बलिराम यादव ने उसके पुत्र रणधीर यादव उर्फ मिंटू यादव को सफाईकर्मी की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि करीब तीन वर्ष पहले दोनों ने नौकरी दिलाने के नाम पर उससे तीन लाख रुपये ले लिए।
बताया गया कि लंबे समय तक नौकरी न मिलने पर जब रुपये वापस मांगे गए तो दोनों आरोपी टालमटोल करने लगे। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। विवेचना के दौरान साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में कई धाराएं भी बढ़ा दी।
सोमवार को उपनिरीक्षक उमेश चंद पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश में दबिश दे रहे थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर आरोपी परमानंद यादव को गायत्री नगर रेलवे स्टेशन, आजमगढ़ के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि उसका भाई रामानंद यादव पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रास्ते लखनऊ जा रहा है।
इसके बाद पुलिस टीम ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के फुलवरिया क्षेत्र, थाना अहरौला के पास से रामानंद यादव को हिरासत में ले लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
]]>अतरौलिया/ आज़मगढ़। स्थानीय क्षेत्र के गोरथानी गांव निवासी जितेंद्र कुमार सिंह के भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होकर घर लौटने पर सोमवार को पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। 30 वर्षों तक देश की सेवा करने के बाद जब वह जम्मू से अतरौलिया रोडवेज पहुंचे तो ग्रामीणों ने डीजे और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
जितेंद्र कुमार सिंह वर्ष 1996 में भारतीय सेना में सिपाही पद पर भर्ती हुए थे। अपनी लगन, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के बल पर उन्होंने निरंतर प्रगति की और 26 जनवरी 2026 को सब हनी लेफ्टिनेंट पद पर चयनित हुए। फरवरी 2026 में वह इसी पद से सेवानिवृत्त हुए। एक सिपाही से लेफ्टिनेंट पद तक का उनका सफर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है।
अतरौलिया रोडवेज से डीजे के साथ जुलूस निकाला गया, जो बाबा प्रथम देव स्थान पहुंचा। वहां दर्शन-पूजन के बाद काफिला उनके पैतृक गांव गोरथानी पहुंचा। घर पहुंचते ही परिजन और ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया। पत्नी प्रतिमा सिंह और माता लालती देवी ने आरती उतारकर उनका स्वागत किया। इस भावुक क्षण में परिवारजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
इस अवसर पर जितेंद्र कुमार सिंह ने कहा, आज घर पहुंचकर मुझे गर्व की अनुभूति हो रही है। एक सिपाही के रूप में भर्ती होकर लेफ्टिनेंट पद से सेवानिवृत्त होना मेरे लिए सम्मान की बात है। यह सब परिवार, गांव और समाज के सहयोग से संभव हुआ। देश सेवा के 30 वर्ष मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि हैं।
युवा भाजपा नेता हर्षित सिंह ने कहा कि जितेंद्र सिंह ने देश सेवा में अपने जीवन के 30 वर्ष समर्पित किए हैं, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। वहीं प्रमोद सिंह गुड्डू ने बताया कि बचपन से ही जितेंद्र सिंह में देश सेवा का जज्बा था। उन्होंने कहा कि जब यह सेना की तैयारी करते थे, तब हम लोग टार्च की रोशनी में इनके साथ अभ्यास करते थे। आज देश ने इन्हें पूरे सम्मान के साथ हमें वापस सौंपा है, इससे बड़ी खुशी और क्या हो सकती है।
इस मौके पर विनय सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, आशुतोष सिंह, अजीत सिंह, राजन सिंह, अखिलेश प्रताप सिंह, नरेंद्र सिंह, राम जियावान, महेंद्र प्रताप सिंह, सत्यवान सिंह, पूर्व प्रधान राणा सिंह, राजनाथ सिंह, संतोष सिंह, प्रेमनाथ सिंह, उपेंद्र सिंह, रघुनाथ सिंह, सृजन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया/ आज़मगढ़। स्थानीय अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में अब बुजुर्ग एवं दिव्यांग मरीजों को खून की जांच सेम्पल के लिए सीढ़ियां नहीं चढ़नी पड़ेंगी। स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार सिन्हा की पहल पर ब्लड कलेक्सन सैंपलिंग की सुविधा को भूतल पर स्थानांतरित कर दिया गया है। इसके लिए विशेष ब्लड कलेक्शन सैंपल वार्ड तैयार किया गया, जिसका शुभारंभ उप जिलाधिकारी बुढ़नपुर अभय राज पांडे एवं स्वास्थ्य अधीक्षक ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
अब बुजुर्गों और दिव्यांग मरीजों को खून जांच कराने और रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए प्रथम तल पर स्थित लैब तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। भूतल पर ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध करा दी गई हैं, जिससे मरीजों को सुविधा और सुलभता मिलेगी।
स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार सिन्हा ने बताया कि मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर इस सुविधा की शुरुआत की गई है। पहले ब्लड कलेक्शन सेंटर प्रथम तल पर होने के कारण बुजुर्ग एवं दिव्यांग मरीजों को काफी असुविधा होती थी। मरीजों की मांग को देखते हुए उनके लिए अलग से भूतल पर ब्लड कलेक्शन सैंपल वार्ड बनाया गया है, जहां जांच और रिपोर्ट दोनों की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में पैथोलॉजी डॉक्टर का पद रिक्त है, लेकिन सभी आवश्यक जांचें अत्याधुनिक एनालाइजर मशीनों के माध्यम से की जा रही हैं और ये सेवाएं पूर्णतया निशुल्क हैं। कुछ विशेष जांचों के लिए मरीजों को आजमगढ़ मंडलीय चिकित्सालय भेजा जाता है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को लिखित रूप से अवगत कराया गया है और जल्द ही पैथोलॉजी डॉक्टर की उपलब्धता की उम्मीद है। स्वास्थ्य अधीक्षक ने यह भी बताया कि अस्पताल में प्राइवेट वार्ड को चालू करने की दिशा में प्रयास जारी हैं, जिसे शीघ्र ही शुरू कर दिया जाएगा, जिससे मरीजों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर अस्पताल के सभी चिकित्सक, स्टाफ नर्स, कर्मचारी एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
अतरौलिया, आज़मगढ़। शिक्षण क्षेत्र अतरौलिया के अंतर्गत स्थित सेल्हरा पट्टी मैदान पर बुधवार को दो दिवसीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विनोद राजभर, जिला अध्यक्ष (लालगंज, आजमगढ़) तथा विशिष्ट अतिथि राजीव पाठक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (आजमगढ़) और पंकज मौर्या, खंड शिक्षा अधिकारी (कोयलसा) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर व कबूतर उड़ाकर किया गया। इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने 50 मीटर व 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतियोगिता में अतरौलिया विकासखंड के चार मंडलों भगतपुर, लोहरा, अतरौलिया और बढ़या के बालक एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
अतिथियों का स्वागत व सम्मान खंड शिक्षा अधिकारी अतरौलिया जगदीश यादव द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुरेंद्र यादव और राजकुमार ने संयुक्त रूप से किया, जबकि क्रीड़ा प्रभारी राजेश कुमार ने खेलों का सफल संचालन सुनिश्चित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विनोद राजभर ने कहा कि “बच्चों में खेल भावना और अनुशासन जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की कुंजी है। ऐसे आयोजन न केवल प्रतिभाओं को निखारते हैं बल्कि बच्चों में टीम भावना और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं।”
वहीं विशिष्ट अतिथि राजीव पाठक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कहा कि “बेसिक शिक्षा विभाग का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में काम करना है। प्रत्येक वर्ष इस तरह का आयोजन आज़मगढ़ के सभी ब्लाकों में किया जाता है, इसके बाद जनपद स्तरीय, मंडल स्तरीय,प्रतियोगिता होगी। खेल बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास का अहम माध्यम हैं, इसलिए हर विद्यालय को खेलकूद गतिविधियों को प्रोत्साहित करना चाहिए।”
इस मौके पर राज नारायण पांडे, अवनीश पांडे, मनोज सिंह, विजय यादव, अनिल कुमार, गोविंद लाल, भगवान मणि त्रिपाठी, अरुण कुमार सिंह, संतोष यादव, आलोक पांडे, अजीत पांडे, यशपाल एवं शिव गोविंद दुबे सहित क्षेत्र के अनेक शिक्षक और शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं में बच्चों ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की वाहवाही लूटी। कार्यक्रम के दूसरे दिन समापन अवसर पर विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
अतरौलिया, आज़मगढ़। छठ महापर्व को लेकर अतरौलिया प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय नजर आ रहा है। शनिवार को बुढ़नपुर उप जिलाधिकारी नंदिनी शाह, क्षेत्राधिकारी अजय प्रताप सिंह,ट्रेनी सर्किल ऑफिसर अरुण तथा थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने नगर क्षेत्र के चिन्हित छठ पूजा स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नगर के पूरब पोखरा और पश्चिम पोखरा सहित अन्य प्रमुख घाटों की साफ-सफाई, रोशनी एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
उप जिलाधिकारी नंदिनी शाह ने नगर पंचायत कर्मियों को निर्देशित किया कि घाटों की संपूर्ण सफाई, सीढ़ियों की धुलाई, तथा विद्युत लाइटों व झालरों की व्यवस्था अति शीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पोखरे में गंदगी नहीं रहनी चाहिए, और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था सुचारू होनी चाहिए।
क्षेत्राधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस उप निरीक्षक व महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। उन्होंने कहा कि अराजक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और घाटों के आसपास की सड़कों को खाली रखा जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्र ने बताया कि सभी प्रमुख घाटों पर गोताखोरों की व्यवस्था की गई है, साथ ही पुलिस बल की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है।
अधिकारियों ने इस दौरान सरैया रत्नावे स्थित पौहारी जी के स्थल का भी निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की यह सक्रियता इस बात का संकेत है कि इस बार छठ पर्व को लेकर सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्था में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
अतरौलिया, आज़मगढ़। अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के दादर गांव के पास रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुभासपा सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की बैठक से लौट रही बस में अचानक करंट उतर जाने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन लोग झुलस गए, जिन्हें स्थानीय शौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना ने विद्युत विभाग की लापरवाही की पोल खोल दी है।
जानकारी के अनुसार, डीहवा गरखोर गांव में सुभासपा की बैठक के बाद कार्यकर्ता बस से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बस रास्ते में ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार से सट गई, जिससे बस में करंट उतर गया। करंट लगते ही बस में बैठे लोगों में चीख-पुकार मच गई और लोग किसी तरह बस से कूदकर अपनी जान बचाने लगे। इस दौरान राजनीस सोनी (26 वर्ष) पुत्र दिनेश निवासी खुटौली, थाना फूलपुर, जनपद आजमगढ़,सोनी (55 वर्ष) पत्नी तिलकु निवासी दादर तथा चंद्रदेव झुलस गई। तीनों को तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से शौ शैय्या अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायल राजनीस सोनी ने बताया कि अगर मैंने बस के रॉड को पकड़कर लोगों को सावधान नहीं किया होता, तो कई लोगों की जान जा सकती थी। करंट लगने से मैं बुरी तरह झुलस गया, लेकिन भगवान की कृपा से बच गया। वहीं लायल ने बताया कि बैठक से लौटते समय रास्ते में तार इतना नीचे लटका था कि बस उससे सट गई और करंट बस में उतर आया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कई बार नीचे लटके हाईटेंशन तारों को लेकर विभाग से शिकायत की गई थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। आखिरकार इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ।
विधुत विभाग के उपखंड अधिकारी मदियापार ने बताया कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से की जाएगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित विभागीय कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया, आज़मगढ़। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष चंद्रजीत तिवारी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि सुनील पांडे, मंडल अध्यक्ष सुभाष निषाद एवं संतराम निषाद भी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान महादान है। किसी जरूरतमंद को जीवनदान देने का सबसे आसान और श्रेष्ठ मार्ग रक्तदान है। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। रक्तदान शिविर में विशाल अग्रहरी, विशाल यादव (एआरओ), हरविंदर भारती (लैब टेक्नीशियन), राकेश यादव समेत कई लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर समाज में अनुकरणीय संदेश दिया। इस अवसर पर अस्पताल के स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. हरिश्चंद्र मौर्य, डॉ. मोहम्मद आसिफ, डॉ. जितेंद्र कुमार, सुरेश चंद्र पाठक पांडे सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक व कर्मचारी उपस्थित रहे। रक्तदान शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र में जनसेवा और सामाजिक सहयोग की भावना को नई ऊर्जा मिली।