आजमगढ़। जिले के अतरौलिया बाजार और आसपास के ग्रामीण इलाकों में एक संदिग्ध जंगली जानवर के देखे जाने की खबर से बीते कुछ दिनों से दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों द्वारा तेंदुए की मौजूदगी की आशंका जताए जाने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन जांच-पड़ताल की, हालांकि प्राथमिक जांच में तेंदुए की मौजूदगी से इनकार किया गया है।
अतरौलिया क्षेत्र में जंगली जानवर की चर्चा फैलते ही वन विभाग हरकत में आ गया। सूचना मिलते ही रेंजर वीर बहादुर सिंह और वन दरोगा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और उन खेतों, रास्तों व इलाकों का बारीकी से निरीक्षण किया गया, जहां जानवर के देखे जाने की बात कही जा रही थी। टीम ने मेड़ों, कच्चे रास्तों और गीली मिट्टी के किनारे पंजों के निशान तलाशे, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद तेंदुए से जुड़े कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले।
स्थिति को स्पष्ट करने के लिए वन विभाग ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। फुटेज के विश्लेषण के बाद रेंजर वीर बहादुर सिंह ने बताया कि कैमरे में दिखाई दे रहा जानवर कद में छोटा है और उसकी पूंछ सामान्य से अधिक लंबी है। उसकी शारीरिक बनावट तेंदुए से मेल नहीं खाती। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जानवर ‘बिग कैट’ प्रजाति का मांसाहारी जीव हो सकता है, लेकिन यह तेंदुआ नहीं है।
वन विभाग ने तेंदुए की खबर को सिरे से खारिज करते हुए स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। साथ ही कहा गया है कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से विभाग के कर्मचारी रात में लगातार क्षेत्र में भ्रमण करेंगे। यदि दोबारा कोई संदिग्ध जानवर दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई।
अतरौलिया, आज़मगढ़। विधानसभा अतरौलिया में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे सघन पुनरीक्षण अभियान के तहत सोमवार को उप जिलाधिकारी (न्यायिक) बुढ़नपुर अभय राज पांडे ने सुबह से ही घर-घर बीएलओ द्वारा गणना पत्र वितरण एवं निर्वाचन तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने 343-अतरौलिया विधानसभा के बूथ संख्या 1 रतुवापार से लेकर बूथ संख्या 66 तक के विभिन्न मतदान केंद्रों—पचरी, पकरडीहा, चकचौबे, अतरौलिया, नंदना, मनियारपुर, बोधीपट्टी, मीरपुर, चनेता आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान वे काफ़ी सख्त नज़र आए और बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर बृहद मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसके तहत प्रत्येक बूथ पर बीएलओ की तैनाती की गई है। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं और आवश्यक जानकारी एकत्र कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में किसी भी बूथ पर कमी न रह जाए, इसके लिए अभी से सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय कार्य बताते हुए कहा कि प्रत्येक बीएलओ अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएं। निरीक्षण के दौरान सुपरवाइजर सुदर्शन मिश्रा सहित तहसील के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
]]>
रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के थाना अतरौलिया पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट से संबंधित एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह गिरफ्तारी उस अपराधी गिरोह से जुड़ी है, जिसने क्षेत्र में चोरी और अन्य संगठित अपराधों को अंजाम दिया था। पुलिस ने अभियुक्त को पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे के गदनपुर अंडरपास के पास से हिरासत में लिया। गिरफ्तार अभियुक्त पर पहले से ही विभिन्न आपराधिक धाराओं में मुकदमे दर्ज थे।
थाना अतरौलिया के थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा की लिखित तहरीर पर दिनांक 27.07.2025 को धारा 2(b)(1)/3(1) उ.प्र. गिरोह बन्द एवं समाज विरोधी क्रिया कलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत विजय कुमार, प्रेमशेखर, राजन कुमार और वीरेन्द्र उर्फ विजेन्द्र राजभर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इस गिरोह का गैंगलीडर विजय कुमार था।
शुक्रवार को उ0नि0 पवन कुमार शुक्ला मय हमराह द्वारा गिरोह के सदस्य प्रेमशेखर पुत्र श्रीपत निवासी गनपतपुर थाना अतरौलिया को गोरखपुर पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेसवे अंडरपास, ग्राम गदनपुर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को पुलिस हिरासत में लेकर नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जा रही है।
]]>