निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक इंतज़ामों का अवलोकन किया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि महोत्सव को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाया जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि महोत्सव के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क व प्रतिबद्ध रहेगी।
जिला प्रशासन आज़मगढ़ द्वारा आयोजित इस महोत्सव के तहत 24 से 28 दिसंबर तक प्रतिदिन अपराह्न 4 बजे से सायं 7 बजे तक स्कूली बच्चों एवं स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके साथ ही 24 दिसंबर को शाम 7 से 9 बजे तक अंजुम रहबर व अन्य कलाकारों द्वारा ग़ज़ल संध्या, 25 दिसंबर को हरिहरपुर घराना के कलाकारों द्वारा भजन संध्या, 26 दिसंबर को डॉ. सुनील जोगी, शंभू शिखर, सर्वेश अस्थाना, प्रियांशु गजेंद्र, नीलोत्पल मृणाल, मणिक दुबे, विकास बौखल सहित अन्य कवियों का कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। 27 दिसंबर को इंडियन आइडल फेम जतिन निगम द्वारा बॉलीवुड नाइट तथा 28 दिसंबर को समापन अवसर पर अरविंद अकेला (कल्लू) एवं डिंपल सिंह द्वारा भोजपुरी नाइट का आयोजन होगा।
महोत्सव के दौरान दर्शकों के मनोरंजन और जानकारी के लिए फन फेयर झूला मेला, फूड कोर्ट, ओडीओपी स्टाल, खादी ग्रामोद्योग स्टाल, विभिन्न विभागीय योजनाओं के स्टाल तथा वाहन प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे आज़मगढ़ महोत्सव 2025 आमजन के लिए सांस्कृतिक, मनोरंजक और जानकारीपूर्ण आयोजन बन सकेगा।
आजमगढ़। आजमगढ़ महोत्सव के संबंध में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह की अध्यक्षता में सीबीएसई स्कूल एसोसिएशन के साथ बैठक संपन्न हुई।
बैठक में आजमगढ़ महोत्सव के स्वरूप और आयोजित होने वाले कार्यक्रमों पर सार्थक चर्चाएं हुईं। सीबीएसई स्कूल एसोसिएशन ने महोत्सव को सफल बनाने और हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने बैठक में विद्यार्थियों और युवाओं को महोत्सव से जोड़ने का अनुरोध किया। साथ ही, आजमगढ़ से बाहर बस गई प्रतिभाओं को भी आजमगढ़ की मिट्टी और विकास से जोड़ने की रूपरेखा पर चर्चा हुई।
बैठक में मुख्य रूप से प्रमुख अधिकारी और विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधि शामिल रहे, जिनमें मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, जिला पर्यटन अधिकारी नवीन सिंह, राजेंद्र प्रसाद यादव, नवाज खान, देवी प्रसाद मौर्य, मोहम्मद आरिफ, गौरव राय, वेदांत त्रिपाठी , राम नारायण मौर्य, अजीत यादव, अनिरुद्ध जायसवाल और शेख मोहम्मद ताबिश आदि शामिल थे।
]]>