
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने पूरे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया। मायके आई एक नवविवाहिता के कमरे में उसकी शादी कराने वाले अगुवा के मौजूद होने की सूचना पर पति अचानक ससुराल पहुंच गया। उसने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और शोर मचाकर ग्रामीणों को बुला लिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस दोनों को थाने ले गई, जहां देर रात तक पूछताछ और पंचायत का दौर चलता रहा।
जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र की 27 वर्षीय युवती का विवाह 11 जून को जौनपुर जिले के बक्सा थाना क्षेत्र में हुआ था। शादी के बाद वह 1 जुलाई को अपने मायके आई थी। बताया जा रहा है कि जौनपुर निवासी देवी प्रसाद राम, जो झाड़-फूंक के साथ सब्जी बेचने का काम करता है, दोनों परिवारों का पुराना परिचित है और उसी ने दोनों परिवारों के बीच विवाह तय कराने में अहम भूमिका निभाई थी।
परिजनों के मुताबिक, विवाह के कुछ समय बाद ही देवी प्रसाद अपनी सब्जी की दुकान बंद कर अचानक गायब हो गया था। इसी बीच नवविवाहिता के पति को सूचना मिली कि वह पिछले तीन दिनों से उसकी पत्नी के मायके में रह रहा है। सूचना मिलने पर पति चुपचाप ससुराल पहुंचा और स्थानीय लोगों से जानकारी जुटाने के बाद देर रात कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया।
उस समय भीषण गर्मी के कारण युवती के माता-पिता घर के बाहर सो रहे थे। पति के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस पहुंची और दोनों को बरदह थाने ले गई। बाद में दोनों पक्षों के परिजनों को भी बुलाया गया, जहां देर रात तक बातचीत और पंचायत चलती रही।
बरदह थाना पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
]]>
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के कोदहरा गांव में मिट्टी खनन के दौरान कथित रूप से सोने की एक हसुली मिलने के बाद हिस्सेदारी को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामला तब सामने आया जब हसुली मिलने की जानकारी अन्य लोगों तक पहुंची और हिस्से को लेकर असहमति बढ़ गई। शिकायत के बाद पुलिस ने एक सुनार समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में हसुली का एक हिस्सा बरामद किए जाने की भी चर्चा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मिली जानकारी के अनुसार करीब पांच दिन पहले कोदहरा गांव के सिवान में मिट्टी खनन का कार्य चल रहा था। इसी दौरान जमीन से गले में पहनी जाने वाली एक हसुली मिलने की बात सामने आई। स्थानीय स्तर पर जांच कराने पर इसके सोने का होने की चर्चा हुई। इसके बाद ट्रैक्टर चलाना सीख रहे अमित बिंद पुत्र आत्मा बिंद निवासी बरौना पट्टी तथा ट्रैक्टर चालक लालचंद गौतम निवासी कोदहरा ने कथित रूप से हसुली को अपने कब्जे में लेकर आपस में बांट लेने का निर्णय लिया। बताया जा रहा है कि लालचंद ने हसुली का एक छोटा टुकड़ा बरौना के सुनार संजय सोनी को बेच दिया, जिसके बदले उसे 14 हजार रुपये मिले। वहीं अमित के पिता आत्मा बिंद ने अपने हिस्से को कथित रूप से अपने भाई मिठाई बिंद निवासी सरायख्वाजा (जौनपुर) के पास सुरक्षित रखने के लिए भेज दिया। वहीं मामले का खुलासा तब हुआ जब एक अन्य ट्रैक्टर चालक मखनचू को इसकी जानकारी मिली। उसने खेत मालिक बबलू खान को पूरी घटना बताई। इसके बाद बबलू खान और मखनचू ने बरदह थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने लालचंद से हसुली का एक टुकड़ा बरामद करने का दावा किया है। साथ ही अमित, उसके पिता आत्मा बिंद, उसके भाई सूरज, सुनार संजय सोनी और लालचंद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। वहीं एक पुलिस टीम जौनपुर के सरायख्वाजा क्षेत्र में मिठाई बिंद की तलाश में भेजी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार बरामद हसुली की कीमत मौजूदा बाजार दर के हिसाब से करीब 40 से 45 लाख रुपये तक हो सकती है। हालांकि पुलिस ने इसकी वास्तविक कीमत, शुद्धता और ऐतिहासिक महत्व को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि बरामद वस्तु की सत्यता की जांच कराई जा रही है। साथ ही उसके स्वामित्व और कानूनी स्थिति को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
]]> बरदह थाना क्षेत्र के भीरा गांव निवासी मजनू सरोज पुत्र धिरजु सरोज ने बीते 6 मार्च को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 5 मार्च की रात अज्ञात व्यक्ति उनके खेत में लगा 5 हार्स पावर का किर्लोस्कर इंजन (पम्पसेट) चोरी कर ले गए। इस सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान शनिवार की सुबह उपनिरीक्षक रितेश खरवार अपनी पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर त्रिवेणी मोड़ से दो आरोपियों पवन पुत्र नरसू सरोज और किशन सरोज पुत्र राजाराम निवासीगण ग्राम भीरा थाना बरदह को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने जब आरोपी पवन की तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 5 मार्च को खेत से पम्पसेट चोरी करने की बात स्वीकार की।
उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया किर्लोस्कर पम्पिंग सेट भी बरामद कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने पहले से दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए कार्रवाई की है, वहीं आरोपी पवन के खिलाफ अवैध तमंचा बरामद होने पर आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा भी दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।
लालगंज क्षेत्राधिकारी भूपेश कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को थाना बरदह का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले थाना परिसर का भ्रमण किया और कार्यालय व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया। इसके बाद विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों की जांच करते हुए उन्हें नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
क्षेत्राधिकारी ने थाने में साफ-सफाई की स्थिति को भी देखा और परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी।
इसके साथ ही क्षेत्राधिकारी भूपेश कुमार पाण्डेय ने आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनने, त्वरित कार्रवाई करने तथा शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार जनहितैषी होना चाहिए, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।
शनिवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश चंद्र मिश्र के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए अभियुक्त रोहित पुत्र राजकुमार को जिवली तिराहा से गिरफ्तार कर लिया।
]]>आजमगढ़। ज़मीन-जायदाद के लालच में रिश्तों की सारी मर्यादाएं टूट गईं। थाना बरदह क्षेत्र में संदिग्ध हालात में हुई बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बेटे को ही पिता का हत्यारा बताया है। बरदह पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लोहे का बसूला भी बरामद कर लिया है।
थाना बरदह क्षेत्र के ग्राम राजेपुर निवासी सुजीत राय ने बीते 20 जनवरी को अपने पिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस द्वारा जांच-पड़ताल किए जाने पर सामने आया कि मौत स्वाभाविक नहीं थी, बल्कि परिवार में काफी समय से जायजाद को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान मृतक के पुत्र अजीत राय उर्फ टप्पू पुत्र स्वर्गीय रामाश्रय राय का नाम प्रकाश में आया।
रविवार को अभियुक्त अजीत राय उर्फ टप्पू को त्रिवेणी मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने संपत्ति विवाद को लेकर पिता की हत्या करने की बात कबूल की। अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का बसूला, जिसमें लकड़ी का हत्था लगा था, बरामद किया गया।
बरदह पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय भेज दिया है।
]]>आजमगढ़। जिले के थाना बरदह क्षेत्र में तालाब से मछली चोरी कर बेचने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मछली पकड़ने का जाल और नकद रुपये बरामद किए गए हैं। मामले में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बीते 19 जनवरी को वादिनी चन्दन कश्यप पत्नी पवन कश्यप, ग्राम पसिका थाना बरदह जनपद आजमगढ़ द्वारा थाना स्थानीय पर सूचना दी गई कि उनके पति के नाम से ग्राम पसिका में मत्स्य पालन हेतु एक पोखरी आवंटित है, जिसमें मछलियाँ पाली गई हैं। उनके पति बाहर रहते हैं तथा पोखरी की देखरेख की जिम्मेदारी गांव के ही देवदत्त राय पुत्र स्व. माता प्रसाद राय को दी गई है।
18 जनवरी को में ढाई बजे गांव के ही अजय सरोज पुत्र नन्दलाल सरोज एवं सुरज सरोज पुत्र विनोद सरोज द्वारा जाल लगाकर मछली निकाली जा रही थी। आरोप है कि उक्त दोनों अभियुक्त पूर्व में भी कई बार मछली चोरी कर चुके थे, जिसकी शिकायत काफी समय से की जा रही थी। इस सूचना के आधार पर थाना बरदह पर मुकदमा दर्ज किया गया।
मंगलवार को उपनिरीक्षक पुनीत कुमार श्रीवास्तव द्वारा हमराह पुलिस बल के साथ मुकदमा उपरोक्त से संबंधित अभियुक्त अजय सरोज एवं सुरज सरोज को ग्राम बकेश से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से मछली पकड़ने का जाल तथा एक हज़र रुपये नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
]]>आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कूटरचित दस्तावेजों के जरिए एक व्यक्ति को नाजायज रूप से निःसंतान घोषित कर उसकी जमीन हड़पने की साजिश रची गई। इस गंभीर धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी बैनामे के आरोप में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
बीते सात दिसम्बर को थाना बरदह पर ग्राम सद्दोपट्टी निवासी रिंकू उर्फ रिंकी यादव पुत्री स्वर्गीय लक्षीराम यादव ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसके पिता की मृत्यु के बाद विपक्षीगणों ने कूटरचना और धोखाधड़ी कर उसके पिता को वसीयत के माध्यम से नाजायज रूप से निःसंतान घोषित करा दिया। इसके बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसके पिता की भूमि अपने नाम वसीयत करा ली गई।
पीड़िता द्वारा जब इस संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना बरदह पुलिस ने सुसंगत धाराओं के तहत पतिराम, सतिराम, वंशराजी, सुनील, दुर्गा और विशाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
इसी क्रम में मंगलवार को उपनिरीक्षक पुनीत कुमार श्रीवास्तव ने हमराहियों के साथ कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त सतिराम यादव पुत्र स्वर्गीय कुद्दन उर्फ रामनाथ को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
आज़मगढ़। खेत की सिंचाई जैसे मामूली विवाद ने बरदह थाना क्षेत्र में खूनी रूप ले लिया। तलवार लेकर किसान पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। वार से बचने की कोशिश में पीड़ित के दोनों हाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली है।
थाना बरदह क्षेत्र के ग्राम पसिका निवासी दिनेश कुमार राय पुत्र मंगला राय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार की सुबह करीब 8:30 बजे वह मौजा कम्मरपुर स्थित अपने खेत की सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ही विजयशंकर गिरी पुत्र श्रीपति गिरी ने पाइप हटाने को लेकर विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी अपनी दुकान से तलवार लेकर आया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से दिनेश कुमार राय की गर्दन पर वार कर दिया।
वादी ने हाथों से वार रोकने की कोशिश की, जिससे उसके दोनों हाथों में गंभीर चोटें आ गईं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पीड़ित की सूचना पर थाना बरदह में मुकदमा दर्ज किया गया। बाद में तलवार की बरामदगी होने पर आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक राजेन्द्र प्रसाद पटेल के नेतृत्व में टीम गठित की। मुखबिर की सूचना पर आरोपी विजयशंकर गिरी को रविवार को दोपहर करीब 2 बजे ग्राम चौकी से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद तलवार बरामद की गई है।