रिपोर्ट_______अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार बाजार के पास बुधवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पूर्व एसएसबी सुबेदार की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, गुजरपार गांव निवासी 40 वर्षीय अमन उर्फ राजू सिंह सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में सुबेदार के पद पर तैनात रह चुके थे। परिजनों के मुताबिक, वह कुछ दिन पहले घर आए थे और तब से ड्यूटी पर नहीं गए थे।
बुधवार देर शाम वह बाइक से गुजरपार बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मुबारकपुर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
]]>
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार को हुए दो सड़क हादसों में ई-रिक्शा कारोबारी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बिहार के कटिहार जनपद के पकड़िया महुजा गांव निवासी नवरत्न (30) अपने साथी विपुल (22) के साथ बाइक से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। मुबारकपुर थाना प्रभारी शशिचंद्र चौधरी ने बताया कि हादसे में दोनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपीडा की टीम ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान नवरत्न की मौत हो गई, जबकि विपुल को मामूली चोटें आईं। परिजनों के अनुसार नवरत्न पूर्णिया में ई-रिक्शा का शोरूम संचालित करते थे और उनकी शादी महज पांच माह पहले हुई थी। दूसरा हादसा महराजगंज थाना क्षेत्र के चपरी गांव के पास हुआ। नरमी देवी (55) अपने पुत्र तेज कुमार के साथ दवा लेकर बाइक से घर लौट रही थीं। रास्ते में सामने से तेज रफ्तार में आए एक अन्य बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से भाग निकला। महराजगंज थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल मां-बेटे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने नरमी देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं तेज कुमार का उपचार जारी है। पुलिस भागे हुए बाइक चालक की तलाश कर रही है और दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
]]>
रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खुटौली गांव निवासी श्रीराम यादव (63) पुत्र स्वर्गीय सूर्यबली यादव गुरुवार की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच चतरातर (दुर्वासा) बाजार से खरीदारी कर धर्मदासपुर मार्ग स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डिग्री कॉलेज के पास मिट्टी ढुलाई में लगे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। वहीं यह हादसा इतना भीषण था कि हेलमेट पहने होने के बावजूद श्रीराम यादव के सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल फूलपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। तीनों संतानें विवाहित हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम का माहौल छा गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने और दुर्घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
]]>आज़मगढ़। जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के जैगहां-बिंदवल मार्ग पर गुरुवार की रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार जैगहां गांव निवासी संजय कुमार सरोज (28) पुत्र चंद्रबली सरोज किसी काम से बिंदवल गया था और गुरुवार की रात करीब साढ़े आठ बजे बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में संजय को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलरियागंज ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
]]>आजमगढ़। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के संजरपुर बाजार के पास सोमवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घायल का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, निजामाबाद थाना क्षेत्र के मोहनाठ गांव निवासी 28 वर्षीय मोनू और 25 वर्षीय सोनू सरायमीर थाना क्षेत्र के संजरपुर स्थित एक बेकरी पर काम करते थे। सोमवार की रात करीब आठ बजे दोनों काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे संजरपुर बाजार के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें मंडलीय जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने मोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि सोनू का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
]]>