अतरौलिया/आज़मगढ़ । जिले में कड़ाके की ठंड के बीच गरीब, असहाय और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लोहरा ग्राम सभा में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों जरूरतमंदों को ठंड से बचाव का सहारा मिला।
मिली जानकारी के अनुसार, लोहरा ग्राम सभा के ग्राम प्रधान राज कपूर पूर्वांचल द्वारा लगभग 500 कंबलों का वितरण किया गया। यह संपूर्ण वितरण उनकी निजी निधि से किया गया, जिसमें किसी भी प्रकार की सरकारी धनराशि का उपयोग नहीं हुआ। ग्राम प्रधान ने बताया कि वे प्रत्येक वर्ष एक जनवरी को अपनी निजी निधि से 400 से 500 कंबल वितरित करते आ रहे हैं, लेकिन इस वर्ष कुछ अपरिहार्य कारणों से वितरण में थोड़ी देरी हो गई।
कंबल वितरण के दौरान विधवा महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को प्राथमिकता दी गई, इसके बाद अन्य पात्र जरूरतमंदों को चिन्हित कर कंबल वितरित किए गए। ग्राम प्रधान राज कपूर पूर्वांचल ने कहा कि जनता का प्यार और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है, और भीषण ठंड में जरूरतमंदों की सेवा करना उनका सामाजिक दायित्व और धर्म है।
कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय कार्य बताया। सामाजिक सरोकार से जुड़ा यह कार्य क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
आजमगढ़। जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने मानवीय पहल करते हुए बीती रात स्वयं सड़कों पर उतरकर हालात का जायजा लिया। देर रात जिलाधिकारी ने आजमगढ़ रेलवे स्टेशन, बड़ादेव मंदिर तथा पुरानी कोतवाली के आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर खुले आसमान के नीचे ठंड से जूझ रहे गरीब, असहाय और निराश्रित लोगों से मुलाकात की।
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने अलाव ताप रहे जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए और उनकी समस्याएं सुनीं। ठंड से ठिठुर रहे कई बेसहारा लोगों को तत्काल सहायता प्रदान करते हुए उन्हें सरकारी वाहन से रैन बसेरा भेजवाया गया, ताकि वे सुरक्षित और गर्म स्थान पर रात गुजार सकें। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में कहीं भी कोई व्यक्ति ठंड के कारण असहाय स्थिति में न रहने पाए।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कहा कि शीतलहर के इस दौर में प्रशासन की पहली प्राथमिकता जरूरतमंदों की सुरक्षा है। रैन बसेरों में पर्याप्त व्यवस्था, कंबल, अलाव और अन्य सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने नगर निकाय और प्रशासनिक अमले को लगातार निगरानी रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 118 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 17 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। प्राप्त प्रार्थना पत्रों में सर्वाधिक 68 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा विकास विभाग के 06, पुलिस विभाग के 17, विद्युत के 03, शिक्षा और स्वास्थ्य के 02-02, पूर्ति निरीक्षक के 04, समाज कल्याण के 02, सिंचाई के 01, जल निगम के 02 तथा अन्य श्रेणी के 11 मामले शामिल थे।
जिलाधिकारी ने जमीन से जुड़े मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि पैमाइश के बाद भी यदि कोई व्यक्ति खूंटा उखाड़े, अवैध कब्जा करे या गरीबों को परेशान करे तो पीड़ित की तहरीर पर तत्काल कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चकरोड और सरकारी भूमि पर कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए और कहा कि लेखपाल, कानूनगो, तहसीलदार, एसडीएम एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय से मौके पर जाकर निरीक्षण करें।
देवगांव क्षेत्र से सबसे अधिक भूमि विवाद के मामले सामने आने पर जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि राजस्व और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से दोनों पक्षों को बुलाकर मौके पर ही प्रभावी कार्रवाई करते हुए विवादों का निस्तारण करें, ताकि भूमि विवाद जिला मुख्यालय तक न पहुंचे।
इसके अलावा, बढ़ती ठंड को देखते हुए संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर 105 गरीब व असहाय व्यक्तियों को कंबल वितरित किए गए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में 07 दिव्यांग व्यक्तियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी जारी किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा, उप जिलाधिकारी लालगंज राजकुमार बैठा, तहसीलदार लालगंज, सीओ लालगंज सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
शुक्रवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार वृद्धाश्रम पहुंचे और वहां रह रहे बुजुर्गों से संवाद किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में शासन की प्राथमिकता है कि कोई भी जरूरतमंद ठंड से प्रभावित न हो।
उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे कुल 84 वृद्धजनों को कंबल वितरित किए। इनमें 47 पुरुष और 37 महिलाएं शामिल हैं।
इस दौरान डीएम ने कहा कि यह अभियान केवल वृद्धाश्रम तक सीमित नहीं है।
शासन के निर्देशानुसार पूरे जिले में ठंड से बचाव के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
सभी तहसीलों में अलाव जलाने के लिए बजट पहले ही जारी किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन के पास पर्याप्त मात्रा में कंबलों का स्टॉक मौजूद है।
ठंड के मौसम में बुजुर्गों, बेसहारा और निराश्रित लोगों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
वृद्धाश्रम प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि बुजुर्गों को ठंड के दौरान नियमित रूप से गर्म पानी उपलब्ध कराया जाए, साथ ही उनके स्वास्थ्य पर भी लगातार नजर रखी जाए।
डीएम ने कहा कि शासन की मंशा है कि हर जरूरतमंद तक राहत पहुंचे।
जिलाधिकारी ने कहा कि ठंड से बचाव प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
जिला प्रशासन हर हाल में जिलेवासियों को ठंड से सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
इसके लिए संबंधित अधिकारियों को पहले ही कड़े निर्देश दिए जा चुके हैं।
अतरौलिया, आज़मगढ़। ठंड के बीच जनता सेवा ट्रस्ट ने रविवार को पेडरा भुड़कुड़ा ग्राम में कम्बल वितरण कार्यक्रम आयोजित कर मानवता की मिसाल पेश की। ट्रस्ट द्वारा सैकड़ों गरीब, बुजुर्ग और बेसहारा लोगों को ऊनी कम्बल सौंपे गए, जिससे उन्हें ठंड से राहत मिल सके।
कार्यक्रम दोपहर आरम्भ हुआ, जिसमें ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने गांव के विभिन्न हिस्सों में घूमकर ज़रूरतमंद परिवारों की पहचान की और उन्हें कम्बल उपलब्ध कराए। कुल 100 से अधिक कम्बलों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बृजबली पांडेय ने ट्रस्ट की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज सेवा ही वास्तविक मानवीय धर्म है। उन्होंने ट्रस्ट के कार्यों को अन्य संगठनों के लिए प्रेरणादायक बताया। ट्रस्ट के अध्यक्ष जनता पांडेय ने कहा, “मानवता की सेवा ही हमारा सर्वोपरि धर्म है। ठंड में कोई भी व्यक्ति परेशान न हो, यही हमारा संकल्प है। हमें खुशी है कि हमारी छोटी-सी कोशिश से लोगों के चेहरे पर मुस्कान आई।”
कम्बल पाकर गरीबों और बेसहारा लोगों के चेहरों पर खुशी देखते ही बनती थी। लोगों ने जनता सेवा ट्रस्ट के प्रति आभार जताया और इस पहल की प्रशंसा की। जनता सेवा ट्रस्ट कई वर्षों से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, जरूरतमंदों की सहायता सहित सामाजिक कल्याण के कार्यों में सक्रिय है। ट्रस्ट का कहना है कि आगे भी राहत और सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में कवि भालचंद त्रिपाठी, विश्वनाथ मिश्र, राजू पांडेय, जगदम्बा पांडेय, योगेंद्र तिवारी, जितेंद्र कुमार सोनी, संजय तिवारी, दयाराम त्रिपाठी, कमलेश बहादुर, शेषनाथ तिवारी, ब्रह्मदेव सिंह, महानंद तिवारी, राजेश चौबे सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
]]>