रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के सहनूडीह गांव में युवक की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के पुत्र ने बरदह थाने में तहरीर देकर अपनी सौतेली मां समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के आरा गांव निवासी अनुज पाठक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता उपेन्द्र पाठक ने करीब नौ वर्ष पूर्व बरदह थाना क्षेत्र के सहनूडीह गांव निवासी सुप्रिया पाठक से दूसरी शादी की थी। तहरीर के मुताबिक, विवाह के बाद से पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आरोप है कि सुप्रिया पाठक उपेन्द्र पाठक को धमकाती थी और उनकी जमीन बेचकर प्राप्त धनराशि अपने पास रख लेती थी।
अनुज पाठक का आरोप है कि 30 जुलाई 2026 की शाम करीब साढ़े छह बजे उसके पिता अपनी पत्नी के कहने पर सहनूडीह स्थित ससुराल पहुंचे, जहां सुप्रिया पाठक, उसके पिता यादवेंद्र मिश्र, आदर्श मिश्र उर्फ शोले तथा रिया मिश्र ने मिलकर उन्हें प्रताड़ित किया, जिसके चलते उनकी मौत हो गई। वहीं तहरीर में यह भी कहा गया है कि घटना की सूचना मिलने पर जब परिजन रात में सहनूडीह पहुंचे तो कमरे का ताला बाहर से बंद मिला। परिजनों का दावा है कि घटनास्थल की परिस्थितियां आत्महत्या से मेल नहीं खातीं, जबकि आरोपित पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है।मृतक के पुत्र ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नामजद आरोपितों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करने तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस संबंध में बरदह थाना अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य तथा अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
]]>
रिपोर्ट_______अरुण यादव
आजमगढ़। बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत गुरुवार को मुबारकपुर कस्बे में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) थाना और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंटों में 08 बाल श्रमिक कार्य करते मिले। इसके बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को श्रम विभाग ने नोटिस जारी किया, जबकि बच्चों के परिजनों को भविष्य में बाल श्रम न कराने की चेतावनी देकर जागरूक किया गया।
यह अभियान निदेशक, मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात)/नोडल अधिकारी एएचटी के पर्यवेक्षण में चलाया गया।
संयुक्त टीम ने मुबारकपुर कस्बे और बाजार क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की। जांच के दौरान मिले बाल श्रमिकों के परिजनों को मौके पर बुलाया गया और बच्चों से मजदूरी न कराने के लिए समझाइश दी गई। वहीं, संबंधित सेवायोजकों के खिलाफ श्रम विभाग ने नियमानुसार नोटिस जारी करते हुए भविष्य में नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। वहीं अभियान के दौरान टीम ने दुकानदारों और आमजन को बाल श्रम के दुष्परिणामों से अवगत कराया। मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट, ढाबों, बेकरी, ऑटोमोबाइल दुकानों और गैराज सहित सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए। साथ ही लोगों को 108, 112, 1090, 1930, 1098, 1076 और 181 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर किसी भी प्रकार के बाल श्रम या बाल शोषण की सूचना तत्काल देने की अपील की गई। अभियान में प्रभारी निरीक्षक अभयराज मिश्र (थाना एएचटी), श्रम प्रवर्तन अधिकारी नजरे आलम, रोहित प्रताप, मुख्य आरक्षी रामजनम यादव तथा महिला आरक्षी पूनम द्विवेदी शामिल रहे।
]]>
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और तेज करते हुए आजमगढ़ पुलिस ने “पुलिस की दस्तक, अपराधी के घर तक” अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जनपद के चिन्हित हिस्ट्रीशीटरों की सघन निगरानी और सत्यापन कराया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य अपराधियों पर प्रभावी नजर रखना, अपराध की पुनरावृत्ति रोकना और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। इस अभियान के तहत जिले में 46 पुलिस टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें अपने-अपने थाना क्षेत्रों में हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन कर रही हैं। साथ ही उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई हिस्ट्रीशीटर दोबारा अपराध में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार नगर सर्किल में कुल 335 हिस्ट्रीशीटर चिन्हित हैं। इनमें कोतवाली थाना क्षेत्र के 106, सिधारी के 87, रानी की सराय के 80 तथा कंधरापुर थाना क्षेत्र के 62 हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं। सभी के विरुद्ध निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लगातार निगरानी और सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के जरिए पुलिस अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि जनपद में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराध और अपराधियों के खिलाफ ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
]]>
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ साइबर क्राइम थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टेलीग्राम पर ऑनलाइन गेमिंग, गिफ्ट कोड और रेफरल कोड के जरिए लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विभिन्न बैंक खातों पर कई राज्यों से साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिली हैं, जिनमें एक शिकायत करीब 49.04 लाख रुपये की भी शामिल है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर थाना पुलिस ने प्रतिबिंब पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच के दौरान ग्राम खुरचंदा, थाना पवई निवासी स्वप्निल पुत्र विजयबहादुर को पूछताछ के लिए बुलाया। मोबाइल फोन की जांच और पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपने सहयोगी राज शिखर सिंह उर्फ राजा टीजी के साथ मिलकर टेलीग्राम पर कई फर्जी चैनल और ग्रुप संचालित करता था।
ऑनलाइन गेमिंग में मुनाफे का झांसा देकर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार आरोपी “Online Free Gift Code”, “Pushpa Club Daily Gift Code”, “HRIDAYAM Prediction Official”, “Discussion Group” समेत कई टेलीग्राम चैनलों और ग्रुपों का संचालन करता था। इन ग्रुपों में कैसीनो, रम्मी और लॉटरी जैसे ऑनलाइन गेम में गिफ्ट कोड और रेफरल कोड के जरिए भारी मुनाफे का लालच दिया जाता था। जब कोई व्यक्ति पैसे जमा कर देता था, तो उसकी टेलीग्राम आईडी ब्लॉक कर दी जाती थी और रकम हड़प ली जाती थी।
कई राज्यों से दर्ज हैं शिकायतें
जांच में पता चला कि आरोपी के विभिन्न बैंक खातों पर अलग-अलग राज्यों से कुल सात एनसीआरपी (NCRP) शिकायतें दर्ज हैं। इनमें मुरादाबाद से दर्ज एक शिकायत 49,04,600 रुपये की साइबर ठगी से संबंधित है। इसके अलावा कोटक बैंक, यूनियन बैंक और इंडसइंड बैंक के खातों पर भी कई शिकायतें दर्ज मिली हैं।
मोबाइल और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,800 रुपये नकद बरामद किए हैं। मोबाइल की जांच में ग्राहकों के साथ चैट, गिफ्ट कोड, रेफरल कोड और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना साइबर क्राइम में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66C और 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आरोपी का सहयोगी राज शिखर सिंह उर्फ राजा टीजी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन गेमिंग, गिफ्ट कोड और रेफरल कोड के नाम पर मिलने वाले लालच से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
]]>
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलरियागंज पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गिरोह के सदस्यों की करीब 15 लाख रुपये मूल्य की चार गाड़ियों को कुर्क कर लिया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति के विरुद्ध की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के तहत थाना बिलरियागंज पुलिस ने अभियुक्तों की संपत्तियों को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखा है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई संगठित अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
महाकुंभ, अयोध्या और काशी में श्रद्धालुओं को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार थाना जीयनपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 507/2025 के तहत विवेचना के दौरान पता चला कि गिरोह का सरगना राज उर्फ सावरिया अपने साथियों के साथ प्रयागराज महाकुंभ, अयोध्या, काशी विश्वनाथ मंदिर, लखनऊ सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों और मेलों में भीड़ का फायदा उठाकर श्रद्धालुओं के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी की टप्पेबाजी (स्नेचिंग) करता था। इसी अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
ये चार वाहन हुए कुर्क
जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने निम्नलिखित चार वाहनों को कुर्क किया—
Maestro Edge (UP 50 CC 1456) – स्वामी: राज उर्फ सावरिया
Hero Splendor+ XTEC 2.0 (UP 50 DD 8778) – स्वामी: राज उर्फ सावरिया
Hero Splendor+ XTEC 2.0 (UP 50 CS 5876) – स्वामी: अरुण कुमार उर्फ समर
Hyundai Venue 1.2 Kappa MT SX (UP 50 CS 6046) – स्वामी: अरुण कुमार उर्फ समर
इन सभी वाहनों का कुल अनुमानित बाजार मूल्य करीब 15 लाख रुपये बताया गया है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि जनपद में गैंगस्टर, संगठित अपराधियों और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अपराधियों की अवैध कमाई और संपत्तियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
]]>
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आजमगढ़ पुलिस ने सोमवार को ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 827.856 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनष्टीकरण कराया। न्यायालय एवं संबंधित प्राधिकारी के आदेश के अनुपालन में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार संपन्न हुई। वहीं पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 825.740 किलोग्राम गांजा, 2.116 किलोग्राम डायजापाम तथा अन्य अवैध मादक पदार्थ शामिल रहे। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 करोड़ 82 लाख 15 हजार रुपये आंकी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में यह कार्रवाई मैसर्स सिलिकॉन बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड, भदो, माहुल (मार्टीनगंज) स्थित इकाई में स्थापित इंसीनरेटर/बॉयलर के माध्यम से कराई गई। विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में संपन्न हुई। इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए। साथ ही पूरी प्रक्रिया की फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई, ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन दहन’ के तहत की गई यह कार्रवाई जनपद में नशे के कारोबार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़े अपराधों पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी मादक पदार्थों के खिलाफ इसी प्रकार का अभियान लगातार जारी रहेगा।
]]>
रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के आजमगढ़ आगमन पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी क्षेत्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए बुके लेकर खड़े दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह एक नेता को धक्का देते हुए नजर आ रहे हैं, ऐसा दावा सोशल मीडिया पर किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए जिले में कई स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इन्हीं में से एक कार्यक्रम के दौरान का यह वीडियो सामने आया है, जिसमें स्वागत के दौरान कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति दिखाई देती है। वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रही घटना की परिस्थितियों और धक्का-मुक्की के कारणों को लेकर भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। फिलहाल वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। वीडियो सामने आने के बाद लोग सोशल मीडिया पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, जबकि मामले को लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है।
]]>
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के बढ़या गांव निवासी एक 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बाजार के समीप उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार बढ़या गांव निवासी दिनेश उर्फ रिंशु (35) पुत्र कोमल रविवार को घर से बाजार में सामान खरीदने के लिए निकले थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान बाजार के समीप उनका शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं मृतक अपने पीछे पत्नी सरिता, 12 वर्षीय पुत्र मंगेश, सात वर्षीय पुत्री खुशी तथा पांच वर्षीय पुत्र अंकुश को छोड़ गए हैं। पति की अचानक मौत से पत्नी सरिता का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि दिनेश रविवार को घर पर खाना खाने के बाद सामान लेने के लिए बाजार गए थे, लेकिन कुछ देर बाद उनके निधन की सूचना मिली। वहीं इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है। वहीं इस पूरे मामले में थाना प्रभारी देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
]]>
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और प्रख्यात समाजवादी नेता स्वर्गीय चंद्रशेखर (बाबू साहब) की पुण्यतिथि के अवसर पर 8 जुलाई को जहानागंज क्षेत्र स्थित श्री चंद्रशेखर स्मारक ट्रस्ट परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और देश के प्रति योगदान को भावपूर्ण ढंग से याद किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, समर्थक तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे। श्रद्धांजलि सभा में बाबू साहब के समाजवादी विचारों, उनके संघर्षमय जीवन और राष्ट्रीय राजनीति में निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका पर भी चर्चा की जाएगी।
पूर्व मंत्री जसवंत सिंह के प्रतिनिधि उदयशंकर चौरसिया ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी स्मारक ट्रस्ट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बाबू साहब ने अपने राजनीतिक जीवन में सादगी, स्पष्टवादिता और जनसेवा की मिसाल पेश की, जिसे आज भी लोग आदर के साथ याद करते हैं। आगे उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों, समर्थकों और शुभचिंतकों से अपील की कि वे 8 जुलाई को आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पहुंचकर पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करें।
]]>
रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खुटौली गांव निवासी श्रीराम यादव (63) पुत्र स्वर्गीय सूर्यबली यादव गुरुवार की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच चतरातर (दुर्वासा) बाजार से खरीदारी कर धर्मदासपुर मार्ग स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डिग्री कॉलेज के पास मिट्टी ढुलाई में लगे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। वहीं यह हादसा इतना भीषण था कि हेलमेट पहने होने के बावजूद श्रीराम यादव के सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल फूलपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। तीनों संतानें विवाहित हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम का माहौल छा गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने और दुर्घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
]]>