आजमगढ़। जिले में सोमवार की आधी रात 3593 स्थानों पर होलिका दहन किया गया। पूरे जिले में जयकारों के बीच पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज से संपन्न हुआ। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम से ही जिलेभर में होलिका दहन की तैयारियां शुरू हो गई थीं। आधी रात को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विधिवत होलिका दहन किया गया। इस दौरान लोगों ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया और एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की खुशियां मनाईं।
प्रशासन की ओर से जिले में कुल 3593 स्थानों को होलिका दहन के लिए चिन्हित किया गया था। इनमें 194 स्थल अतिसंवेदनशील, 186 स्थल संवेदनशील और 3213 स्थल सामान्य श्रेणी में रखे गए थे। अति संवेदनशील और संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई, साथ ही फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग की भी व्यवस्था रही।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत 3650 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी, जिनमें 2300 पुलिसकर्मी तथा 1350 होमगार्ड और पीआरडी जवान शामिल रहे। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि होली के अवसर पर निकलने वाले 14 जुलूसों की पहचान कर उनके लिए समुचित पुलिस बल लगाया गया था। सिविल डिफेंस के सदस्यों और पुलिस मित्रों के सहयोग से विशेष टीमें भी तैनात रहीं। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस लगातार गश्त करती रही, जिससे पूरा पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
आज़मगढ़। छठ महापर्व पर आज शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जिलेभर की महिलाएं नदी-तालाबों के घाटों पर जुटेंगी। मंगलवार भोर में उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत संपन्न करेंगी। पूजा की तैयारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली गई है।
छठ पर्व के मौके पर आजमगढ़ जिले के 925 घाटों पर महिलाएं निर्जला व्रत रखकर सूर्य देव की उपासना करेंगी। आज शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद मंगलवार की भोर में व्रती महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी। पूजा समितियों के पदाधिकारी घाटों को सजाने-संवारने में जुटे रहे, साथ ही कई स्थानों पर छठ माता की प्रतिमा भी स्थापित की गई।
जिले में सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने तीन सुपर जोन, छह जोन और 25 सेक्टर बनाए हैं। कुल 3500 महिला और पुरुष सुरक्षाकर्मी, खुफिया विंग, पीएसी और महिला आरक्षी घाटों से लेकर आवागमन मार्गों तक तैनात रहेंगे। भीड़ वाले स्थानों पर डायल-112 की गाड़ियां लगातार भ्रमण करेंगी।
एक अनुमान के मुताबिक लगभग पांच लाख श्रद्धालु इस पर्व में शामिल होंगे। कार्यक्रम की निगरानी थानाध्यक्षों के साथ सभी सर्किल के सीओ लगातार करते रहेंगे। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि छठ पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
]]>