अतरौलिया/आज़मगढ़। थाना क्षेत्र के ग्राम मडोही में बीती रात अज्ञात चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए सेवानिवृत्त सहायक विकास अधिकारी के घर लाखों रुपये के स्वर्णाभूषण व नकदी चोरी कर ली। घटना के समय घर मे मौजूद परिवार घर में सो रहा था, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मडोही निवासी सेवानिवृत्त एडीओ (पंचायत) हरिराम पुत्र दसई के परिवारजन रात में भोजन के बाद सो गए थे। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और छत पर बने कमरे के दरवाजे की कुंडी काटकर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने अलमारी व बक्सों को खंगालते हुए कीमती सामान समेट लिया।
घटना की जानकारी सुबह करीब चार बजे तब हुई जब हरिराम के पुत्र टहलने के लिए उठे। उन्होंने देखा कि उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद है। किसी तरह पिता को फोन कर दरवाजा खुलवाया गया। इसके बाद दूसरे कमरे में ताला टूटा मिला और सारा सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित की बहू पूजा ने बताया कि चोर सोने का हार, झाला, मांग टीका, मंगलसूत्र, नथिया, दो अंगूठी, दो सोने की चेन, नाक की कील के अलावा चांदी की पायल, करधन तथा करीब 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही यूपी 112 व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष देवेंद्र दुबे ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के लिए टीम गठित की गई है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। हालांकि घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता देखी जा रही है, क्योंकि क्षेत्र में चोरियों का सिलसिला थम नहीं रहा है।
]]>आज़मगढ। जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई चांदी की पायल और नकदी बरामद की है।
बीते नौ अक्टूबर को गुलशन बानो पत्नी अफताब आलम उर्फ चुन्नु, निवासी ग्राम नंदाव, थाना सरायमीर, जनपद आजमगढ़ ने थाना स्थानीय पर लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया था कि अज्ञात अभियुक्त द्वारा उनके घर का ताला तोड़कर अटैची में रखे सोने-चांदी के जेवरात एवं ₹3000 नगद चोरी कर लिए गए हैं। इस संबंध में थाना सरायमीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
पुलिस द्वारा मामले की जांच के दौरान शनिवार को उपनिरीक्षक जयशंकर प्रसाद राठौर अपनी टीम के साथ संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कमालपुर मोड़ (नरदह पुलिया के पास) मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम नदीम पुत्र हैदर अली, निवासी ग्राम कुजियारी, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ बताया। तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक जोड़ी चांदी की पायल तथा ₹1000 नगद बरामद किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने 6 अक्टूबर की रात ग्राम नंदाव में बंद मकान में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था और शेष बचे जेवरात व नकदी को बेचने की फिराक में था।
]]>