रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार को हुए दो सड़क हादसों में ई-रिक्शा कारोबारी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहला हादसा मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर के पास पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बिहार के कटिहार जनपद के पकड़िया महुजा गांव निवासी नवरत्न (30) अपने साथी विपुल (22) के साथ बाइक से लखनऊ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। मुबारकपुर थाना प्रभारी शशिचंद्र चौधरी ने बताया कि हादसे में दोनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपीडा की टीम ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान नवरत्न की मौत हो गई, जबकि विपुल को मामूली चोटें आईं। परिजनों के अनुसार नवरत्न पूर्णिया में ई-रिक्शा का शोरूम संचालित करते थे और उनकी शादी महज पांच माह पहले हुई थी। दूसरा हादसा महराजगंज थाना क्षेत्र के चपरी गांव के पास हुआ। नरमी देवी (55) अपने पुत्र तेज कुमार के साथ दवा लेकर बाइक से घर लौट रही थीं। रास्ते में सामने से तेज रफ्तार में आए एक अन्य बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी बाइक चालक मौके से भाग निकला। महराजगंज थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल मां-बेटे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने नरमी देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं तेज कुमार का उपचार जारी है। पुलिस भागे हुए बाइक चालक की तलाश कर रही है और दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
]]>
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद के कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित एक मंदिर में चोरी की वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अज्ञात चोरों ने देर रात मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूजा-अर्चना में उपयोग होने वाले पीतल के बर्तन तथा दानपेटी में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र निवासी एवं मंदिर के पुजारी खरपत्तू चौहान ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 20 जुलाई 2026 की रात अज्ञात बदमाश मंदिर का ताला तोड़कर भीतर घुस गए। चोर मंदिर से पीतल के दो घड़े, छह छोटे-बड़े पीतल के बर्तन, छह लोहे के सामान तथा दानपेटी में रखे करीब 250 रुपये नकद चोरी कर ले गए। सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। साथ ही संभावित साक्ष्य जुटाकर अज्ञात चोरों की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 एवं 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
]]>
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के अतरैठ बाजार स्थित पोखरे में एक मजदूर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पहचान में जुट गई। कुछ ही देर में मृतक की पहचान हो गई इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सुचना दिया। परिजनों के आने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं अतरैठ बाजार के रहने वाले लोग सुबह टहल रहे थे। इसी दौरान बाजार स्थित पोखरे में एक शव उतराया हुआ लोगों ने देखा। सूचना पुलिस को दी गई, तो पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। कुछ ही देर में मृतक की पहचान शेरवा गांव निवासी दिनेश उर्फ मधुर निषाद (40) पुत्र रामू के रूप में हुई। पुलिस की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए।शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया।
वहीं परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार दिनेश की मानसिक स्थिति पिछले कुछ समय से ठीक नहीं थी। वह घर से सब्जी खरीदने के लिए अतरैठ बाजार गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। कुछ देर बाद पोखरे में उसका शव मिलने की सूचना मिली।
मृतक दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी, दो बेटियां और दो बेटे हैं। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
]]>
रिपोर्ट_______अरुण यादव
आजमगढ़, 1 अगस्त। शहर के हीरापट्टी मोहल्ले में वर्षों से जर्जर और जलभराव से बदहाल सड़क के निर्माण की मांग को लेकर शनिवार को भारत रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पानी से भरे गड्ढों में पौधे रोपकर नगरपालिका प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व भारत रक्षा दल के अध्यक्ष हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कहा कि हीरापट्टी, आरजी बाग, शिवाजी नगर समेत कई मोहल्लों के हजारों लोगों का आवागमन इसी सड़क से होता है। इसी मार्ग से फातिमा स्कूल, सेंट्रल स्कूल और शिब्ली कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी रोजाना गुजरते हैं। इसके अलावा श्री चित्रगुप्त मंदिर भी इसी मार्ग पर स्थित है, जिससे श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हरिकेश श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार नगर पालिका और प्रशासन को ज्ञापन व शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मंडल मुख्यालय के नगर क्षेत्र में सड़क की ऐसी स्थिति जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता को दर्शाती है।
उन्होंने चेतावनी दी कि पहले जिलाधिकारी से मिलकर सड़क निर्माण की मांग रखी जाएगी। यदि इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो भारत रक्षा दल बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होगा।
प्रदर्शन में अजय सिन्हा एडवोकेट, जावेद अंसारी, सुशील कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट, डॉ. धीर जी, द्वारिकाधीश पांडेय, दुर्गेश श्रीवास्तव, धनंजय अस्थाना, हिमांशु सिंह, सोनू मिश्रा, जश्निल कुमार, आलोक शर्मा, राजन अस्थाना सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
]]>
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। लालगंज विकासखंड के अंतर्गत देवगांव कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर सोठौली गांव में जर्जर और कीचड़युक्त सड़क के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गांव में स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक बस खराब सड़क पर फिसलकर सड़क से नीचे सरक गई। हालांकि बस पलटी नहीं, जिससे उसमें सवार बच्चों की जान बाल-बाल बच गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्काल बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बस सड़क के किनारे असंतुलित स्थिति में दिखाई दे रही है, जबकि आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क लंबे समय से जर्जर और कीचड़ से भरी हुई है, लेकिन कई शिकायतों के बावजूद इसकी मरम्मत नहीं कराई गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण और मरम्मत के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत कराई गई होती तो बच्चों की जान जोखिम में नहीं पड़ती। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि इसी मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बसें और अन्य वाहन गुजरते हैं। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गोपालपुर सोठौली मार्ग का तत्काल निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और स्कूली बच्चों सहित आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन वायरल वीडियो ने सड़क की बदहाल स्थिति और ग्रामीण क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
]]>
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा–सरायमीर मार्ग पर बुधवार देर शाम एक युवक ने बकाया पैसे न मिलने से आहत होकर पेड़ से लटककर विरोध प्रदर्शन किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया, जिससे एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।
युवक ने अपना नाम फरहान निवासी चकिया (वर्तमान में अपने ननिहाल में रहने वाला) बताया। फरहान का आरोप है कि उसके दिवंगत मामू ने फरिहा निवासी तैय्यब को 1.75 लाख रुपये दिए थे। इनमें से केवल 57 हजार रुपये ही वापस किए गए हैं, जबकि शेष धनराशि अब तक नहीं लौटाई गई है। फरहान का कहना है कि वह कई बार बकाया राशि की मांग कर चुका है, लेकिन उसे लगातार टालमटोल किया जा रहा है। इसी हताशा में उसने पेड़ की ऊपरी डाल पर अपने पैर रस्सी से बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने युवक को शांत कराया और सुरक्षित नीचे उतारा। पुलिस ने संबंधित पक्ष से बातचीत कर मामले का समाधान कराने और बकाया धनराशि के संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस संबंध में थाना अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि युवक सुरक्षित है और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
]]>
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अलीनगर मोहल्ला में मंगलवार को शव दफनाने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। समय रहते पुलिस और राजस्व विभाग की सक्रियता से मामला शांत करा लिया गया और संभावित टकराव टल गया। करीब छह घंटे चली पंचायत के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ, जिसके बाद मृतक का शव दफनाया गया।
अलीनगर निवासी मोहम्मद शमीम (85) का सोमवार रात निधन हो गया था। मंगलवार सुबह परिजन शव को दफनाने के लिए कब्र खोदने पहुंचे तो ईदगाह कमेटी के सदस्यों ने आपत्ति जताई। एक पक्ष उक्त भूमि को कब्रिस्तान की जमीन बता रहा था, जबकि दूसरा पक्ष उसे ईदगाह की भूमि होने का दावा कर रहा था। इससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सुबह करीब पांच बजे विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। इसके बाद नायब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार, राजस्व निरीक्षक जयनारायण सिंह और लेखपालों की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। दोनों पक्षों को मुबारकपुर थाने बुलाकर बातचीत कराई गई। करीब छह घंटे चली पंचायत के बाद यह सहमति बनी कि भूमि विवाद का अंतिम निर्णय न्यायालय से कराया जाएगा। फिलहाल मृतक मोहम्मद शमीम का शव उसी स्थान पर दफनाया जाएगा। भविष्य में न्यायालय का निर्णय आने तक किसी भी मृतक के शव को पास स्थित बड़े कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। न्यायालय के आदेश के बाद आगे की व्यवस्था तय होगी। समझौते के दौरान मृतक पक्ष की ओर से मोहम्मद शोएब समेत पांच लोग और ईदगाह कमेटी की ओर से हाजी मंसूर समेत पांच प्रतिनिधि मौजूद रहे। थाना प्रभारी निरीक्षक शशि चंद्र चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही दोनों पक्षों को थाने बुलाकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए वार्ता कराई गई। राजस्व विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से विवाद का समाधान कराया। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है।
]]>
रिपोर्ट______SP त्रिपाठी
आजमगढ़। पल्हना धाम और पल्हना बाजार के मुख्य मार्ग पर भारी जलभराव होने से आमजन और श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सूचना मिलते ही पल्हना ब्लॉक प्रमुख अनुराग सिंह सोनू स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। लोगों की समस्या को देखते हुए वह खुद पानी में उतर गए तथा सहयोगियों के साथ मिलकर जल निकासी की व्यवस्था कराई।
स्थानीय लोगों के अनुसार मेला क्षेत्र की भूमि पर हुए अवैध कब्जे और कुछ दुकानदारों द्वारा नालियों को पाट दिए जाने के कारण जल निकासी बाधित हो गई थी, जिससे मुख्य मार्ग पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
मौके पर पहुंचे प्रमुख अनुराग सिंह सोनू ने कानूनगो और लेखपाल को तत्काल मौके पर तलब किया तथा अवैध कब्जों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदार लालगंज से भी फोन पर वार्ता कर नाराजगी व्यक्त की और शीघ्र प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद प्रमुख ने सफाईकर्मियों और जेसीबी मशीन की सहायता से नालियों की सफाई और जल निकासी का कार्य शुरू कराया, जिससे कुछ ही देर में मार्ग पर जमा पानी निकलना शुरू हो गया और लोगों को राहत मिली। साथ ही उन्होंने अवैध कब्जा करने वालों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में सार्वजनिक नालियों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रमुख अनुराग सिंह सोनू ने कहा, “पल्हना का मुख्य बाजार और चट्टी हमारा परिवार है। क्षेत्र की जनता की सेवा करना हमारा कर्तव्य है। लोगों की सुविधा और क्षेत्र के विकास के लिए जो भी आवश्यक होगा, वह हर संभव किया जाएगा।”
प्रमुख की त्वरित कार्रवाई और मौके पर स्वयं मौजूद रहकर समस्या का समाधान कराने की क्षेत्रवासियों ने सराहना की। जलभराव खत्म होने से राहगीरों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली।
]]>
रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खुटौली गांव निवासी श्रीराम यादव (63) पुत्र स्वर्गीय सूर्यबली यादव गुरुवार की शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच चतरातर (दुर्वासा) बाजार से खरीदारी कर धर्मदासपुर मार्ग स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डिग्री कॉलेज के पास मिट्टी ढुलाई में लगे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। वहीं यह हादसा इतना भीषण था कि हेलमेट पहने होने के बावजूद श्रीराम यादव के सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल फूलपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। तीनों संतानें विवाहित हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम का माहौल छा गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने और दुर्घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
]]>
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक एक बार फिर अधिशासी अधिकारी (ईओ) की अनुपस्थिति के कारण नहीं हो सकी। लगातार दूसरी बार ईओ प्रशांत कुमार के बैठक में उपस्थित न होने से सभासदों में नाराजगी देखने को मिली। सभासदों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए वित्तीय अनियमितता की आशंका भी जताई। सभासदों का आरोप है कि पिछले चार बोर्ड बैठकों से एक ही एजेंडा बार-बार रखा जा रहा है, जिसमें पूर्व में किए जा चुके कार्यों को दोबारा शामिल किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस प्रकार की प्रक्रिया वित्तीय अनियमितता के दायरे में आती है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। बैठक में मौजूद सभासदों ने इस व्यवस्था का विरोध करते हुए कहा कि नगर पालिका की कार्यप्रणाली पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है। उनका आरोप है कि जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र से संबंधित फाइलों का समय पर निस्तारण नहीं हो रहा है। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था भी बदहाल है, जिससे नगरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।सभासदों ने मांग की कि बोर्ड बैठकों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण हो तथा नगर पालिका की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही तय की जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो व्यापक आंदोलन पर भी विचार किया जाएगा।
]]>