मिली जानकारी के अनुसार, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती नितिका राजन ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ के अध्यक्ष एवं मा० जनपद न्यायधीश श्री जय प्रकाश पाण्डेय के दिशा निर्देशों के अनुपालन में यह बहुउपयोगी प्रचार वाहन आज प्रातः 10.00 बजे रवाना किया गया।
सचिव ने बताया कि यह वाहन दूर-दराज के क्षेत्रों में आमजनमानस को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने, लोक अदालत, मध्यस्थता अभियान, निःशुल्क विधिक सेवा और नालसा हेल्पलाइन नंबर से अवगत कराने के लिए उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने आमजनमानस से अपील की है कि वे 22 फरवरी को जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित मेगा शिविर में उपस्थित होकर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएँ और इसके लिए सम्बन्धित विभाग में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करें।
सचिव ने बताया कि 22 फरवरी को आयोजित होने वाले मेगा शिविर में निर्बल वर्ग, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांग, वृद्धजन, निर्धन वर्ग, असंगठित श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति के पात्र लाभार्थियों को विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। इसके पूर्व तहसील, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर पर लघु शिविरों के माध्यम से पात्र व्यक्तियों का चयन किया जा रहा है।
इस दौरान महिलाओं को “बाल विवाह मुक्त भारत” की शपथ दिलाई गई तथा आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों व आशा बहुओं को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई। साथ ही मेगा कैंप के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।
तहसीलदार सदर श्री विवेकानन्द ने संबंधित अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों के चयन व तैयारियों के निर्देश दिए। पैनल अधिवक्ता प्रदीप कुमार सिंह ने निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, श्रीमती नितिका राजन ने बताया कि मा0 उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं मा0 जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आजमगढ़ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में यह वृहद/मेगा शिविर आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाकर पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जाएगा।
शिविर के आयोजन से पूर्व समस्त विभागों द्वारा तहसील और ब्लॉक स्तर पर पात्र व्यक्तियों का चयन किया जा रहा है। आज समस्त तहसीलदार और जिला प्रोबेशन अधिकारी की बैठक भी आहूत की गई, जिसमें शिविर के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं के अंतर्गत चिन्हित पात्र व्यक्तियों को इस शिविर के अवसर पर सम्मानित भी किया जाएगा।