जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने आदर्श नगर पंचायत कटघर, लालगंज में स्थापित 10 व्यक्तियों की क्षमता वाले रैन बसेरे का आकस्मिक निरीक्षण किया। रैन बसेरे में 05 महिलाओं और पांच पुरुषों के ठहरने की व्यवस्था है। निरीक्षण के दौरान रैन बसेरे की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। बाहर अलाव जलता हुआ मिला, जबकि अंदर बेडशीट और कंबलों की गुणवत्ता भी ठीक पाई गई।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी को बताया गया कि अभी तक यहां कोई भी व्यक्ति रात्रि में रुकने नहीं आया है। इसका कारण रैन बसेरे की रोडवेज से अधिक दूरी होना बताया गया, जिससे यात्री यहां नहीं पहुंच पा रहे हैं।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने बगल में स्थित हनुमानगढ़ी पोखरी का भी निरीक्षण किया। स्थानीय निवासियों ने पोखरी की साफ-सफाई तथा मंदिर के पास स्थित सरकारी जमीन से बहने वाले पानी की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया और समाधान की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने आज आदर्श नगर पंचायत जीयनपुर में ठंड से बचाव हेतु बनाए गए रैन बसेरा स्थल का आकस्मिक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत जीयनपुर को निर्देश दिया कि बेडशीट साफ एवं सूती कपड़े का रखें। उन्होंने कहा कि तकिया, कंबल, गद्दे की गुणवत्ता अच्छी होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिया कि तत्काल कोटेशन लेकर आवश्यक सामानों की खरीदारी सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने कहा कि वित्तीय नियमों का शत प्रतिशत अनुपालन खरीदारी में सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिया कि रैन बसेरे में गर्म पानी एवं अलाव की भी व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि रैन बसेरे में एक कर्मचारी की तैनाती सुनिश्चित करें, जो अपनी आई कार्ड के साथ ड्यूटी पर उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि यदि कोई केयरटेकर रखा जाता है तो वह भी अपने आई कार्ड के साथ रैन बसेरा स्थल पर उपस्थित रहे।
अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत जीयनपुर ने जिलाधिकारी को आश्वासन दिया कि दो से तीन दिन के अंदर जो भी आवश्यक व्यवस्थाएं हैं, उसे पूर्ण कर लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, उप जिला अधिकारी सगड़ी, तहसीलदार, बीडीओ आदि उपस्थित रहे।
]]>