अतरौलिया/आज़मगढ़। स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र के बब्बर चौक पर शुक्रवार को बिजली बिल राहत योजना 2025 के तहत एक विशाल कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में उमड़ी भारी भीड़ के बीच उपभोक्ताओं ने अपने बिजली बिलों में राहत पाने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। अब तक 700 लोगों ने पंजीकरण करवाया है। जिसमे ब्याज में 100 % और मूलधन में भी 25% छूट का लाभ प्राप्त किया है।
अतरौलिया उपखंड अधिकारी दिलीप वर्मा ने बताया कि यह योजना 1 दिसंबर से 28 फरवरी 2026 तक संचालित की जा रही है। इसके अंतर्गत 1 से 2 किलोवाट तक के घरेलू और व्यावसायिक (कमर्शियल) उपभोक्ताओं को विशेष राहत दी जा रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग 8000 उपभोक्ता ऐसे हैं जो इस लाभ के दायरे में आते हैं। उपखंड अधिकारी ने बताया कि गांव-गांव कैंप लगाकर लोगों को योजना से जोड़ने का प्रयास लगातार जारी है। अब तक लगभग 700 उपभोक्ता अपना बिल जमा कर योजना का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। मार्च 2025 तक के मूलधन पर 25% छूट उपलब्ध है, जो उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। उन्होंने ने कहा कि शनिवार को अतरौलिया उपकेंद्र के हैदरपुर और सेखौना में भी कैंप आयोजित किया जाएगा। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से अपील की कि वे जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कराकर अपने बकाया बिजली बिल से छुटकारा पाएं। यह योजना न केवल उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत दे रही है, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी मंशा को भी स्पष्ट रूप से दर्शा रही है।
एकमुश्त समाधान योजना की शुरूआत आज एक दिसंबर से हो रही है। यह तीन चरणों में फरवरी 2026 तक चलेगी। ओटीएस के अंतर्गत जिले 402129 उपभोक्ता चिह्नित किए गए हैं। इन पर बिजली बिल का 2134 करोड़ रुपये बकाया है। इस बकाए में 969 करोड़ रुपये सिर्फ सरचार्ज और लेट पेमेंट हैं।
एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता विभाग के किसी भी खंडीय, उपखंडीय कार्यालयों व कैश काउंटरों पर जाकर पंजीकरण करा सकते हैं। अधीक्षण अभियंता प्रथम घनश्याम ने बताया कि प्रथम सर्किल के तीनों डिवीजनों में विभिन्न भार के 198000 उपभोक्ताओं पर 1056 करोड़ रुपये बकाया है। इसमें से 474 करोड़ रुपये सिर्फ सरचार्ज और लेट पेमेंट है।
सर्किल द्वितीय के तीनों वितरण खंडों में 204129 उपभोक्ताओं पर बिजली बिल का 1078 करोड़ रुपये बकाया है। इसमें 495 करोड़ रुपये सरचार्ज और लेट पेमेंट है। उन्होंने बताया कि ओटीएस का पहला चरण एक से 31 दिसंबर, दूसरा चरण एक से 31 जनवरी और तीसरा चरण एक से 28 फरवरी तक चलेगा।
तीनों चरणों में सरचार्ज और लेट पेमेंट में शत प्रतिशत की छूट मिलेगी वहीं, मूल बिल में पहले चरण में 25, दूसरे चरण में 20 और तीसरे चरण में 15 प्रतिशत छूट का लाभ मिलेगा। अगर कोई उपभोक्ता एकमुश्त जमा नहीं कर सकता तो वह 500 या 750 रुपये प्रति माह किस्तों में भी भुगतान कर सकता है। बिजली चोरी वाले प्रकरणों में राजस्व निर्धारण में 50 प्रतिशत तक छूट है।
घनश्याम, अधीक्षण अभियंता विधुत विभाग ने बताया कि ओटीएस के अंतर्गत 4.02 लाख उपभोक्ता चिह्ति किए गए हैं। इन पर बिजली बिल का 2134 करोड़ रुपये बकाया है। आज से एकमुश्त समाधान योजना में पंजीकरण कराकर उपभोक्ता ब्याज, लेटपेमेंट में शत प्रतिशत छूट के साथ ही मूल बिल में छूट का लाभ उठा सकते हैं।
]]>