आजमगढ़। जनपद पहुँचे भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव पर तीखे तंज कसे। उन्होंने केदारनाथ मंदिर निर्माण को ‘दिखावा’ बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की राजनीति ‘वोट के देवता’ के इर्द-गिर्द घूमती है। यूजीसी के मुद्दे पर भी उन्होंने अपनी राय रखी और कहा, ‘तेल नहीं, तेल की धार देखिए।’ भाजपा प्रवक्ता के इस बयान के कई सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं।
नगर के बाइपास मार्ग पर एक अस्पताल के उद्घाटन अवसर पर पहुंचे भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने मीडिया से बातचीत में समाजवादी पार्टी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव द्वारा केदारनाथ मंदिर बनाने की बात केवल दिखावटी राजनीति है। त्रिपाठी ने कहा, ‘जो वोट के देवता को ही पूछते हैं, वे भगवान राम को क्या पूछेंगे!‘
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के विकास पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना सपा की नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की देन है। उन्होंने कहा कि आज पूर्वांचल तेज़ी से विकास कर रहा है और यह क्षेत्र अब रोजगार और कृषि के नए अवसरों की पहचान बना रहा है।
यूजीसी बिल पर पूछे गए सवाल पर त्रिपाठी ने मुस्कुराते हुए कहा, “थोड़ा इंतजार कीजिए, अभी कई बिल लोकसभा में पेश होने हैं… तेल नहीं, तेल की धार देखिए।” उनके इस बयान के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
अतरौलिया/आज़मगढ़। गांधी प्रतिमा रैदोपुर तिराहे पर प्रस्तावित उपवास कार्यक्रम से पहले कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह को प्रशासन ने एहतियातन नजरबंद कर दिया। देर रात उनके आवास पर की गई इस कार्रवाई से क्षेत्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बसहिया गांव निवासी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह को प्रस्तावित उपवास कार्यक्रम से पहले प्रशासन ने उनके घर पर ही नजरबंद कर दिया। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि यह उपवास मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना की मूल भावना रोजगार की गारंटी से हो रही कथित छेड़छाड़ के खिलाफ आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से रखा गया था।
मनोज कुमार सिंह का कहना है कि सरकार मनरेगा के नाम और ढांचे में बदलाव कर पंचायतों के अधिकार कमजोर कर रही है तथा योजना को धर्म से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व के निर्देश पर 45 दिनों का जनजागरण अभियान प्रस्तावित था, जिसमें जनता को सरकार की नीतियों के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाना था।
कांग्रेस नेता ने प्रशासन की कार्रवाई को दमनकारी करार देते हुए कहा कि महात्मा गांधी की विचारधारा से जुड़े लोग ऐसी कार्रवाइयों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता के बीच मुद्दे पहुंचे तो आंदोलन और व्यापक होगा और सरकार को इसका जवाब चुनावों में मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी। नजरबंदी से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटने वाला नहीं है। आने वाले दिनों में गांव-गांव चौपाल लगाकर मनरेगा और जनता के अधिकारों को लेकर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।
इस कार्रवाई से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया जा रहा है।
आजमगढ़। जिले के थाना रानी की सराय पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत शातिर अपराधी नियाजुद्दीन उर्फ मोटू की अवैध संपत्ति (वाहन) को कुर्क किया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन एवं जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ के आदेशानुसार की गई।
थाना कंधरापुर में दर्ज मुकदमा के आरोपी नियाजुद्दीन उर्फ मोटू, पुत्र स्व0 इस्तेखार, ग्राम खानका, थाना बिलरियागंज, आजमगढ़, एक सक्रिय गैंग का सरगना है। यह अभियुक्त गोवंश तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से अवैध धन अर्जित करता रहा है। अभियुक्त के खिलाफ गोवंश तस्करी, आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट, गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज है।
अभियुक्त द्वारा अवैध धन से 24 दिसम्बर .2021 को स्प्लेंडर प्लस वाहन खरीदा गया था, जिसका मूल्य ₹45,000/- है। जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ के आदेशानुसार वाहन को धारा 14(1) यूपी गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क किया गया।
]]>