आजमगढ़। मिशन शक्ति फेज़ 5.0 के अन्तर्गत आजमगढ़ पुलिस द्वारा शुक्रवार को ‘Run For Empowerment’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह ने पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर किया।

यह दौड़ पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर घंटाघर चौराहा, अग्रसेन चौराहा, कोतवाली, बड़ादेव तिराहा, कालीचौरा तिराहा, डीएवी कॉलेज, गांधी तिराहा, जीजीआईसी कॉलेज, ट्रेजरी चौराहा और कलेक्ट्रेट चौराहा से होते हुए पुनः पुलिस लाइन पर समाप्त हुई।
इस दौड़ में जनपद के विभिन्न विद्यालयों की 500 से अधिक छात्राओं एवं पुलिस कर्मियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने ‘नारी सुरक्षा – नारी सम्मान’ , ‘बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ’, महिला सशक्तिकरण ही राष्ट्र सशक्तिकरण जैसे नारों के माध्यम से समाज को जागरूक किया।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने इस अवसर पर कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान केवल पुलिस की नहीं बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित और आत्मनिर्भर वातावरण प्रदान करना है।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन द्वारा प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर रिजर्व महिला आरक्षी अंजू देवी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रिजर्व महिला आरक्षी सरला को द्वितीय एवं रिजर्व महिला आरक्षी नंदनी गुप्ता को तृतीय स्थान मिला।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरन पाल सिंह, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
]]>