रिपोर्ट_____अरुण यदव
आजमगढ़। जिले में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक आलमबदी जी का आज लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे जिले के साथ-साथ प्रदेश की राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर दौड़ गई। वह करीब 92 वर्ष के थे और लंबे समय से सक्रिय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाए हुए थे।
आलमबदी उत्तर प्रदेश विधानसभा के सबसे वरिष्ठ विधायकों में गिने जाते थे। उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में पांच बार विधायक के रूप में जनता का प्रतिनिधित्व किया। उनकी पहचान एक ऐसे जनप्रतिनिधि के रूप में थी, जिन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम माना और जीवनभर सादगी, ईमानदारी तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
आज के दौर में जहां राजनीति में दिखावा और संसाधनों की होड़ देखने को मिलती है, वहीं आलम बदी अपनी सादगी के कारण अलग पहचान रखते थे। विधायक होने के बावजूद वह अक्सर स्कूटर से विधानसभा पहुंचते थे। उनके जीवन का यही सरल स्वभाव लोगों को उनसे जोड़ता था। उन्होंने कभी पद या सत्ता का प्रदर्शन नहीं किया और हमेशा आम लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनने और समाधान कराने का प्रयास किया।
राजनीतिक विरोधी भी उनके व्यवहार, ईमानदारी और साफ-सुथरी छवि की सराहना करते थे। उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में ऐसी मिसाल पेश की, जिसे आज भी राजनीतिक शुचिता और नैतिकता के उदाहरण के रूप में याद किया जाता है।
उनके निधन की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के नेताओं, के साथ साथ दूसरे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में समर्थकों ने गहरा शोक व्यक्त किया। सभी ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आलम बदी का जाना केवल समाजवादी पार्टी ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।
आलम बदी अपने पीछे सादगी, जनसेवा और ईमानदार राजनीति की ऐसी विरासत छोड़ गए हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी। उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा और प्रदेश की राजनीति में उनका नाम सम्मान के साथ लिया जाता रहेगा।
]]>
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने रविवार को आजमगढ़ के अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव, पिछड़ा वर्ग आरक्षण, गठबंधन की राजनीति और कई समसामयिक मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी।
सोशल मीडिया पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव समय से पहले कराए जाने की चर्चाओं को खारिज करते हुए राजभर ने कहा कि चुनाव आयोग अपने निर्धारित समय पर ही चुनाव कराएगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा चुनावी मोड में रहती है और जनता के बीच लगातार सक्रिय रहती है।
‘अखिलेश ने आठ बार बदले गठबंधन’
अखिलेश यादव द्वारा उन पर लगाए जाने वाले अवसरवादिता के आरोपों का जवाब देते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव स्वयं अपने राजनीतिक हितों के लिए अब तक आठ बार गठबंधन बदल चुके हैं। उन्होंने कहा कि कभी बसपा, कभी कांग्रेस और कभी रालोद के साथ गठबंधन करने वाले अखिलेश यादव दूसरों पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार खो चुके हैं।
राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी पिछड़ों की राजनीति केवल वोट लेने तक सीमित रखती है। उन्होंने कहा कि सपा किसी दूसरे पिछड़े वर्ग के नेता को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहती।
‘सदन में गूंगे, बाहर चीखते हैं विपक्षी’
विपक्ष पर निशाना साधते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यदि विपक्ष में वास्तव में पिछड़ों के अधिकारों को लेकर गंभीरता है, तो विधानसभा के भीतर 27 प्रतिशत पिछड़ा वर्ग आरक्षण के बंटवारे और रोहिणी आयोग की रिपोर्ट पर चर्चा कराए। उन्होंने कहा कि विपक्ष सदन के बाहर पिछड़ों की राजनीति करता है, लेकिन सदन के अंदर उनके अधिकारों के लिए एक शब्द भी नहीं बोलता।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सदन में गूंगे रहते हैं और बाहर आकर चीखते हैं।”
सपा नेताओं पर भी साधा निशाना
ओमप्रकाश राजभर ने रामगोपाल यादव और शिवपाल यादव के पुराने बयानों का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के बड़े नेता राजभर, निषाद और मौर्य समाज को सम्मान की दृष्टि से नहीं देखते। उन्होंने शिवपाल यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब उनकी अलग पार्टी नहीं चल सकी तो मजबूरी में उसे समाजवादी पार्टी में विलय करना पड़ा।
सोनम वांगचुक मामले पर सरकार का बचाव
लद्दाख के पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को प्रदर्शन स्थल से हटाकर अस्पताल में भर्ती कराए जाने के मुद्दे पर भी राजभर ने सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की सलाह पर उनके स्वास्थ्य को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया ताकि उनकी जान सुरक्षित रह सके। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इस मुद्दे पर भी राजनीति कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।
2027 को लेकर दिया स्पष्ट संदेश
पत्रकार वार्ता के अंत में राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है और संगठन लगातार जनता के बीच सक्रिय है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर सरकार के साथ खड़ी है।
]]>
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का 53 वा जन्मदिन बुधवार एक जुलाई को पूरे देश में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में आजमगढ़ जिले के निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र के निजामाबाद बाजार में सपा के प्रदेश सचिव वसीम अहमद के नेतृत्व में सपा मुखिया अखिलेश यादव का 53 वा जन्मदिन समारोह का आयोजन अनोखे अंदाज और सामाजिक सरोकारों के साथ किया गया। वहीं कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने 10 केक काटकर अखिलेश यादव के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही समाज सेवा का संदेश देते हुए 50 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधरोपण भी किया गया, जिससे लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश मिला। इस अवसर पर सपा प्रदेश सचिव वसीम अहमद ने कहा कि अखिलेश यादव की राजनीति समाज सेवा, विकास और सामाजिक न्याय की विचारधारा पर आधारित है। उनके जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने के संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया है। आगे उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में 10 केक काटने का विशेष संदेश भी था। उनका कहना था कि आजमगढ़ जिले की 10 विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत का संकल्प लेते हुए यह प्रतीकात्मक आयोजन किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी सरकार बनाएगी और अखिलेश यादव एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष चंद्रेश यादव, राजेश यादव, मुलायम यादव, शिवपाल राय, शाहबुद्दीन उर्फ आजाद, निखिल राय, परवेज अहमद, शबनम खातून, नीरज यादव, खुर्शीद अहमद, शुभम यादव, प्रियांशु यादव, शेफ अहमद, अशोक यादव, जियालाल यादव, मशरूर अहमद सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने रक्तदान और पौधरोपण जैसे सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज सेवा का संदेश देते हुए अखिलेश यादव के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
]]>
रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को आजमगढ़ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एक मांगलिक कार्यक्रम में शिरकत की । कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। वहीं अखिलेश यादव ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में लंबे समय तक सरकार चलाई है, इसलिए अब उसे अपने कार्यों का हिसाब देना पड़ेगा। अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या सनातन धर्म की आस्था का केंद्र है और इस तरह की घटनाएं बेहद निंदनीय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को मामले में जांच समिति गठित करनी पड़ी और कहा कि “भाजपा के लिए धन पहले और धर्म बाद में है।” उन्होंने यह भी कहा कि आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को भगवान श्रीराम कभी माफ नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कई बार अयोध्या गए, लेकिन उनका सूचना तंत्र पूरी तरह विफल साबित हुआ। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के इस बयान पर कि वह मुस्लिम समाज के मुद्दों पर चुप रहते हैं, अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें पता है कब और किस मुद्दे पर बोलना है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराना लोकतंत्र के लिए जरूरी है और यदि भाजपा दोबारा सत्ता में आई तो लोकतांत्रिक व्यवस्था पर खतरा बढ़ जाएगा। आगे आजमगढ़ में दिशा की बैठक में जिलाधिकारी की अनुपस्थिति पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सभी अधिकारी जवाबदेही के साथ काम करेंगे। ओम प्रकाश राजभर के समाजवादी पार्टी में टूट के बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि राजभर की “बार्गेनिंग पावर” समाप्त हो चुकी है और वह वही बयान देते हैं जो उनसे कहलवाया जाता है। अयोध्या के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अयोध्या का विकास तेज गति से किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने अयोध्या की छवि को नुकसान पहुंचाया है। सपा सरकार बनने पर आधुनिक सुविधाओं के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए अयोध्या का समग्र विकास किया जाएगा। वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी के साथ संभावित गठबंधन के सवाल पर अखिलेश यादव ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
]]>आजमगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के धरवारा गांव में आयोजित कुश्ती समारोह में शामिल होने से पहले समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भाजपा को झूठ बोलने वाली पार्टी बताते हुए भ्रष्टाचार और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। साथ ही सुभासपा और अन्य राजनीतिक सवालों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
रविवार को जहानागंज थाना क्षेत्र के धरवारा गांव में आयोजित कुश्ती समारोह में शामिल होने से पहले समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव, पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव के आवास पर पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा केवल झूठ बोलने वाली पार्टी है और इस सरकार में भ्रष्टाचार के सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं।
सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने आजमगढ़ जिले में एनडीए के दस सीटों पर जीत का दावा किया है, शिवपाल यादव ने कहा कि इतने छोटे स्तर के नेता के बयान का जवाब देना जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि वे समाजवादी पार्टी की बदौलत ही विधायक बने थे और आने वाले चुनाव में उन्हें इसका पता चल जाएगा। शिवपाल यादव ने यह भी कहा कि उनका कोई भरोसा नहीं है कि वे किस समय किस तरफ चले जाएं।
एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यदि सुभासपा इतनी बड़ी पार्टी है तो सीधे प्रधानमंत्री बनने का दावा करे।
महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रात में महिलाओं की सुरक्षा की बात करते हैं, लेकिन दिनदहाड़े महिलाओं का अपहरण हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर स्थिति ठीक नहीं है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का नारा तो दिया, लेकिन आज तक विपक्ष को विश्वास में नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने जीएसटी को लेकर भी जनता को गुमराह किया और कई तरह के टैक्स लगाए। साथ ही दावा किया कि योगी सरकार कभी भी अपने बजट का 40 प्रतिशत से अधिक खर्च नहीं कर पाई।
शिवपाल यादव ने टेंडर प्रक्रिया और गड्ढामुक्त सड़क अभियान को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले ही 10 प्रतिशत जमा कराकर टेंडर कराए गए और गड्ढामुक्त अभियान में 70 प्रतिशत पैसा सरकार के पास चला गया, जबकि 30 प्रतिशत में ही इंजीनियरों को काम करना पड़ा।
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर हुए हमले और उससे जुड़े मामलों पर उन्होंने कहा कि इस तरह के कई मुकदमे झूठे लिखाए जाते हैं और इसमें भाजपा की भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि अब मामला कोर्ट में है और न्यायालय से ही न्याय मिलेगा।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा के लोग उन्हें एक नहीं बल्कि दो बार प्रधानमंत्री बनाना चाहते थे, लेकिन अब क्या कहें।
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष हवलदार यादव की अध्यक्षता में मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा सरकार की नीतियों को लेकर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को गांव-गांव तक पार्टी की नीतियां पहुंचाने का आह्वान किया गया।
समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय, आजमगढ़ में जिलाध्यक्ष हवलदार यादव की अध्यक्षता में मासिक बैठक संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने कहा कि एस.आई.आर. की प्रक्रिया में भाजपा सरकार सत्ता के बल पर बेईमानी करना चाहती है, लेकिन पार्टी के पदाधिकारी पूरी मुस्तैदी के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी भी पदाधिकारी और कार्यकर्ता 27 मार्च 2026 तक चलने वाली प्रक्रिया को लेकर सक्रिय रूप से कार्य करते रहें।
उन्होंने बताया कि गरीबों, मजलूमों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के सम्मान की लड़ाई लड़ने वाले महान नेता मान्यवर कांशीराम की 92वीं जयंती समाजवादी पार्टी द्वारा नेहरू हाल, आजमगढ़ में भव्य तरीके से मनाई जाएगी, जिसमें पूरे जनपद के पीडीए वर्ग के लोग शामिल होंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक एवं पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में बेरोजगारी, महंगाई, महंगी शिक्षा और दवाइयों की समस्या बढ़ती जा रही है। किसानों की समस्याएं भी गंभीर रूप लेती जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में संगठित भ्रष्टाचार हो रहा है और एक वर्ग का वर्चस्व होने के कारण पिछड़ों व दलितों पर दमन और उत्पीड़न बढ़ रहा है।
विधायक डॉ. संग्राम यादव, बेचई सरोज, अखिलेश यादव और पूजा सरोज ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता को इन मुद्दों से अवगत कराएं और समाजवादी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
बैठक में पूर्व एमएलसी कमला प्रसाद यादव, पूर्व मंत्री डॉ. राम दुलार राजभर, राकेश कुमार यादव, वर्मन यादव, करूणा कांत मौर्य, अजीत कुमार राव, हरिश्चंद्र यादव, अब्दुल्ला, अशोक यादव भोला, डॉ. धनराज यादव, जी.एस. प्रियदर्शी, वाले चंद कुशवाहा, जगदीश यादव, सोमनाथ यादव, वसीमुद्दीन शेख, राज नारायण यादव, राम आसरे चौहान, दुर्गेश यादव, विवेक सिंह, विनीत राय, दीपचंद विशारद, विनोद यादव, संतोष कुमार गौतम, सुशील आनंद, टिपलूर रहमान सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आजमगढ़। समाजवादी पार्टी की एस.आई.आर. (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर पी.डी.ए. भवन, मुख्य पार्टी कार्यालय, अनवरगंज, आजमगढ़ में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सत्ता का दुरुपयोग कर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कर बेईमानी से चुनाव जीतना चाहती है। भाजपा का संविधान और लोकतंत्र में विश्वास नहीं है, वह दमन, अत्याचार और फर्जी मुकदमों के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है, जिसे समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सफल नहीं होने देंगे।
सांसद धर्मेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी की एकजुटता और मुस्तैदी के कारण भाजपा के फॉर्म-7 के प्रयास विफल हुए हैं। यह संघर्ष 2027 का चुनाव जीतने तक जारी रहेगा और समाजवादी पार्टी का हर कार्यकर्ता इसके लिए कटिबद्ध है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें जनहित के मुद्दों को छोड़कर केवल पूंजीपतियों के हित में काम कर रही हैं। किसानों, युवाओं और आम जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जबकि निवेश के नाम पर केवल घोषणाएं हो रही हैं। दस वर्षों में कोई ठोस निवेश जमीन पर नहीं उतर सका। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता योगी सरकार से उब चुकी है और बदलाव चाहती है।
धर्मेंद्र यादव ने कहा कि जनता खुशहाली और तरक्की के लिए अखिलेश यादव को सत्ता में लाना चाहती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की।
बैठक में एमएलसी व राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव, विधायक व पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधायक आलमबदी आजमी सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अतरौलिया/आजमगढ़। पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्वर्गीय माया प्रसाद यादव की 22वीं पुण्यतिथि को समाजवादी पार्टी कार्यालय अतरौलिया में स्मृति दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव, क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव तथा स्व. माया प्रसाद यादव के पुत्र एवं वर्तमान ब्लॉक प्रमुख चन्द्रशेखर यादव ने खंड विकास कार्यालय परिसर में स्थापित स्व. माया प्रसाद यादव की आदमकद कांस्य प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्मृति दिवस समारोह को संबोधित करते हुए सपा महासचिव बलराम यादव ने अपने बचपन के मित्र स्व. माया प्रसाद यादव को याद करते हुए कहा कि वे भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी नीतियां और रीतियां आज भी हम सभी का मार्गदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि माया प्रसाद यादव कोई व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा थे।
सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि पूर्व ब्लॉक प्रमुख माया प्रसाद यादव ने अपने पूरे जीवनकाल में कभी राजनीति को हथियार नहीं बनाया। उनका संपूर्ण जीवन समाजवादी पार्टी को समर्पित रहा। उन्होंने कभी भी अपने उसूलों से समझौता नहीं किया।
विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि हम लोगों का बचपन उनकी गोद में बीता है। आज उनकी कमी हम सभी को बहुत सताती है। उन्होंने अपने जीवन में कभी सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और हमेशा गरीब-दुखियों के दरवाजे पर खड़े रहने का काम किया। आज हम सभी उन्हीं के बताए रास्ते पर चल रहे हैं।
ब्लॉक प्रमुख चन्द्रशेखर यादव ने कहा कि उनके पिता हमेशा कहा करते थे कि राजनीतिक जीवन में जनता के सुख को अपना सुख और जनता के दुख को अपना दुख समझना चाहिए तथा कभी भी झूठे वादे नहीं करने चाहिए। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि पिता का साथ उन्हें बहुत कम समय के लिए मिला, लेकिन उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम में विधायक दुर्गा यादव, त्रिभुवन दत्त, विधान परिषद सदस्य विशाल वर्मा, बेचई सरोज, अखिलेश यादव, सीमा यादव, पूजा सरोज, जगदीश पांडेय, सुभाष चंद्र जायसवाल, कन्हैया गौड़, के.के. यादव, देवेंद्र उर्फ देवी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
अतरौलिया/आज़मगढ़। अतरौलिया ब्लॉक के पूर्व प्रमुख एवं क्षेत्र के जनप्रिय इतिहास पुरुष स्वर्गीय माया प्रसाद यादव की 22वीं पुण्यतिथि के अवसर पर स्मृति दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 25 जनवरी 2026, दिन रविवार को प्रातः 10 बजे समाजवादी पार्टी कार्यालय, अतरौलिया में संपन्न होगा।
समारोह में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं आजमगढ़ सांसद माननीय धर्मेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय बलराम यादव, सदस्य विधान परिषद / पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव (सपा) करेंगे।
आयोजन को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय माया प्रसाद यादव के सामाजिक, राजनीतिक एवं जनहितकारी योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। वक्ताओं द्वारा उनके संघर्षपूर्ण जीवन, संगठनात्मक क्षमता तथा क्षेत्र के विकास में दिए गए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला जाएगा।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी अतरौलिया के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
समारोह को सफल बनाने में ब्लॉक प्रमुख अतरौलिया चंद्रशेखर यादव एवं अतरौलिया विधायक डॉ. संग्राम यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की सक्रिय भूमिका रही है। आयोजकों ने क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्मृति दिवस समारोह को गरिमा प्रदान करने की अपील की है।