रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के हुसेपुर मुहम्मदपुर गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के समय बालक घर से शौच के लिए खेत की ओर गया था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके बाद वह गांव के बाहर बिजली के लोहे के पोल के पास अचेत अवस्था में मिला। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, हुसेपुर मुहम्मदपुर गांव निवासी शिवराज सिंह का सात वर्षीय पुत्र सागर सिंह मंगलवार शाम घर से शौच के लिए गांव के बाहर खेत की तरफ गया था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोग उसकी तलाश में निकले तो गांव के पास लगे लोहे के बिजली के पोल के निकट वह अचेत अवस्था में पड़ा मिला। वहीं परिजनों का अनुमान है कि बिजली के पोल में करंट उतर आया था, जिसकी चपेट में आने से मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में उसे स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक सागर सिंह दो भाइयों में छोटा था। बेटे की असमय मौत के बाद मां शांति देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक का माहौल है।
]]>
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के हरईराम गांव में रात को एक दर्दनाक हादसे में वृद्ध महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छत पर सो रही महिला तेज हवा चलने पर नीचे उतरने लगी, तभी पैर फिसल जाने से वह छत से नीचे गिर गईं। मिली जानकारी के अनुसार, हरईराम गांव निवासी सोनी (64) पत्नी लालता बीती रात को घर की छत पर सो रही थीं। रात करीब दो बजे अचानक तेज हवा चलने लगी। मौसम खराब होते देख वह नीचे जाने के लिए उठीं, लेकिन अंधेरे में संतुलन बिगड़ने से उनका पैर फिसल गया और वह छत से नीचे जा गिरीं। वहीं इस हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गंभीरपुर थाना प्रभारी अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि छत से गिरने के कारण महिला की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
]]>