आजमगढ़। जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटिला बाजार के पास ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार पिता-पुत्री की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार मेंहनगर थाना क्षेत्र के अहियाई गांव निवासी 35 वर्षीय प्रमोद चौहान अपनी पत्नी और तीन वर्षीय पुत्री सानवी के साथ शनिवार की सुबह स्कूटी से दवा लेने के लिए आजमगढ़ शहर जा रहे थे। जब वे नेशनल हाईवे पर कोटिला बाजार के आंवक मोड़ के पास पहुंचे, तभी आजमगढ़ से मुहम्मदपुर की ओर जा रहे एक ट्रक ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची सानवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि प्रमोद चौहान को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे में प्रमोद की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनका इलाज जारी है।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है
आज़मगढ़। जिले के तरवा थाना क्षेत्र के नूरपुर भंवरपुर गांव स्थित उदंति नदी पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और 8 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही पर गुस्सा जताते हुए सड़क जाम कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार खरिहानी निवासी अजय कुमार ठठेर 44 वर्ष रविवार को अपनी पत्नी और पुत्री के साथ मोटरसाइकिल से वाराणसी दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान नूरपुर भंवरपुर गांव स्थित उदंति नदी पुल के पास पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल भेजवाया।
समाजसेवी गौरव सिंह ने बताया कि सड़क की दोनों पटरी पर गड्ढे और झाड़ियां उग आई हैं, जिसके कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं। बावजूद इसके पीडब्ल्यूडी विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
हादसे के बाद ग्रामीण पंकज सिंह रोशन के नेतृत्व में आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दिए और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
सूचना पाकर तरवां थाना प्रभारी चंद्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
]]>