
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने फर्जी चिकित्सकीय कार्य एवं कथित लापरवाही से मरीज की मौत के मामले में वांछित आर्य नन्दिनी नर्सिंग होम के संचालक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को हरैया रेलवे अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, 15 जुलाई 2026 को मुबारकपुर थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी माता श्याम दुलारी को पेट में दर्द (हर्निया) के उपचार के लिए हरैया मोड़, अबाड़ी सठियांव स्थित आर्य नन्दिनी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि नर्सिंग होम संचालक गुलाब चन्द चौहान ने परिजनों की जानकारी और सहमति के बिना उनका ऑपरेशन कराया, जिसके दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना मुबारकपुर में मुकदमा संख्या 264/2026, धारा 105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मोहम्मद शमशाद खान द्वारा की जा रही है।
विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 6 अगस्त 2026 को पुलिस टीम ने हरैया रेलवे अंडरपास के पास से आरोपी गुलाब चन्द चौहान (52 वर्ष), निवासी ग्राम भुसुड़ी, थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आर्य नन्दिनी नर्सिंग होम का संचालक बताया गया है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस के अनुसार इस मामले में आरोपी के विरुद्ध यही पहला आपराधिक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मोहम्मद शमशाद खान और हेड कांस्टेबल प्रकाश कुमार सिंह शामिल रहे।
]]>
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिला अस्पताल से मानवता और सरकारी सेवा के दायित्व पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में अस्पताल के मुख्य दवा वितरण कक्ष के भीतर ड्यूटी के दौरान जन्मदिन की पार्टी मनाई जाती दिखाई दे रही है। आरोप है कि इस दौरान दवा लेने पहुंचे सैकड़ों मरीज और उनके तीमारदार घंटों तक पर्चा हाथ में लिए खिड़की के बाहर लाइन में खड़े रहे, जबकि अंदर स्वास्थ्य कर्मी केक काटने और फोटो खिंचवाने में व्यस्त थे।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को दवा कक्ष प्रभारी अनिल चौधरी का जन्मदिन था। सुबह से ही दवा कक्ष में पार्टी की तैयारियां शुरू हो गई थीं। दोपहर करीब 12 बजे दवा वितरण का काम प्रभावित हो गया और दवा कक्ष के भीतर केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान दवाओं के स्टॉक रूम को गुब्बारों और रिबन से सजाया गया था, जबकि बाहर मरीज गर्मी और उमस में अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दूर-दराज के गांवों से आए बुजुर्ग, महिलाएं और गोद में बीमार बच्चों को लेकर पहुंचे परिजन काफी देर तक लाइन में खड़े रहे, लेकिन दवा वितरण की गति बेहद धीमी रही। आरोप है कि ड्यूटी के समय सरकारी परिसर में पार्टी आयोजित कर अस्पताल के नियमों और अनुशासन की खुलकर अनदेखी की गई।
मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि घटना के दौरान जिम्मेदार अधिकारी स्थिति पर ध्यान देने के बजाय अपने कक्ष में मौजूद रहे और मरीजों की परेशानी को गंभीरता से नहीं लिया गया।
इस पूरे मामले में एसआईसी डॉ. सतीश चंद्र कन्नौजिया ने कहा कि दवा कक्ष में ड्यूटी के दौरान पार्टी मनाना उचित नहीं है। यदि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो पूरे मामले की जांच कर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच के बाद जिम्मेदार कर्मचारियों पर वास्तव में कार्रवाई होती है या मामला केवल जांच तक ही सीमित रह जाता है।
]]>
रिपोर्ट_______अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार बाजार के पास बुधवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पूर्व एसएसबी सुबेदार की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, गुजरपार गांव निवासी 40 वर्षीय अमन उर्फ राजू सिंह सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में सुबेदार के पद पर तैनात रह चुके थे। परिजनों के मुताबिक, वह कुछ दिन पहले घर आए थे और तब से ड्यूटी पर नहीं गए थे।
बुधवार देर शाम वह बाइक से गुजरपार बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मुबारकपुर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
]]>
रिपोर्ट_______अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद के थाना कंधरापुर पुलिस ने 43 लाख रुपये की कथित जमीन धोखाधड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर जमीन का बैनामा कराने के नाम पर लाखों रुपये लेने, तय समय पर बैनामा न कराने और रुपये वापस मांगने पर पीड़ित को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित की शिकायत पर थाना कंधरापुर में मुकदमा संख्या 84/2026 दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान बैंक खातों और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों की गहन जांच की गई, जिसमें कम्हेनपुर निवासी दिवाकर (59 वर्ष) की संलिप्तता सामने आई। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई अन्य गंभीर धाराओं की भी बढ़ोतरी की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गुरुवार को वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गांव कम्हेनपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल अजय कुमार त्रिपाठी तथा कांस्टेबल नितिन कुमार मिश्रा शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
]]>
रिपोर्ट____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। प्रांतीय चिकित्सा सेवा (पीएमएस) संघ, उत्तर प्रदेश की शाखा आजमगढ़ का चुनाव बुधवार को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया। चुनाव में अध्यक्ष सहित विभिन्न पदों के लिए मतदान और मतगणना के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। अध्यक्ष पद पर हुए मुकाबले में डॉ. धनन्जय पाण्डेय ने जीत दर्ज करते हुए संघ की कमान संभाली, जबकि डॉ. अलेन्द्र कुमार सचिव पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए।
चुनाव प्रक्रिया 28 जुलाई 2026 से शुरू होकर 5 अगस्त 2026 को सम्पन्न हुई। कुल आठ पदों के लिए 14 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। नामांकन वापसी के बाद उपाध्यक्ष (महिला) डॉ. पूनम कुमारी, सचिव डॉ. अलेन्द्र कुमार, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. ए.के. शाह, वित्त सचिव डॉ. देवेंद्र सिंह तथा संपादक डॉ. कैप्टन मनीष तिवारी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।
अध्यक्ष पद के लिए डॉ. धनन्जय पाण्डेय और डॉ. आर.एस. मौर्य के बीच सीधा मुकाबला हुआ। मतगणना में डॉ. धनन्जय पाण्डेय को 75 मत, जबकि डॉ. आर.एस. मौर्य को 48 मत प्राप्त हुए। इसके साथ ही डॉ. धनन्जय पाण्डेय को अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
वहीं, उपाध्यक्ष (सामान्य) के दो पदों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में थे। इसमें डॉ. निलेश कुमार को सर्वाधिक 93 मत मिले, जबकि डॉ. हरेंद्र सिंह को 75 मत प्राप्त हुए। डॉ. एस.एन. सरोज को 48 मत मिले। इस प्रकार डॉ. निलेश कुमार और डॉ. हरेंद्र सिंह उपाध्यक्ष (सामान्य) पद पर विजयी घोषित किए गए।
चुनाव में कुल 127 मत पड़े। चुनाव सम्पन्न होने के बाद चुनाव अधिकारी डॉ. विनय कुमार सिंह तथा रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. जे.पी. श्रीवास्तव ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। चुनाव शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होने पर चिकित्सकों ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की उम्मीद जताई।
]]>
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस ने अपराधी प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कंधरापुर पुलिस की रिपोर्ट पर अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) ने पांच अपराधियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुण्डा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(1) के तहत कार्रवाई की है।
जारी आदेश के अनुसार करन विश्वकर्मा (घाटीपट्टी, रानी की सराय), सूरज (घाटीपट्टी, रानी की सराय), आकाश यादव (रेवरा परवेजपुर, निजामाबाद), संकज (चेवार पश्चिम, देवगांव) तथा फकरे आलम उर्फ फकरू (कुरैश नगर, जीयनपुर) को आगामी चार माह तक प्रत्येक पखवाड़े अपने संबंधित थाने में प्रभारी निरीक्षक के समक्ष उपस्थित होकर हाजिरी दर्ज करानी होगी।
पुलिस के अनुसार इन सभी के खिलाफ पहले से मारपीट, हत्या के प्रयास, चोरी, आपराधिक धमकी, दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। प्रशासन का मानना है कि इनकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी बनाए रखना आवश्यक है ताकि जनपद में शांति व्यवस्था कायम रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी आरोपी निर्धारित अवधि में थाने पर हाजिरी दर्ज नहीं कराता है या आदेश का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध और भी कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि अपराधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
]]>
रिपोर्ट_______अरुण यादव
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के तमरपुर गांव में गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने से कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि दोनों पक्षों के लोगों ने पुलिसकर्मियों से भी धक्का-मुक्की की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के कुल नौ लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना 4 अगस्त 2026 की रात की है। सूचना मिलने पर थाना बरदह की पीआरवी टीम तमरपुर गांव पहुंची, जहां प्रथम पक्ष और द्वितीय पक्ष के लोग आपस में गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडों से मारपीट कर रहे थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने और विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने पुलिस की बात नहीं मानी। आरोप है कि इस दौरान पुलिस के साथ भी अभद्र व्यवहार करते हुए धक्का-मुक्की की गई, जिससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई।
मारपीट की घटना में ममता देवी, रजनीश गौड़ और प्रदीप गौड़ घायल हुए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी और समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया जाता तो कोई बड़ी घटना हो सकती थी तथा क्षेत्र की कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।
इस मामले में पुलिस ने श्याम राजभर, ममता देवी, विकास राजभर, करण राजभर, रजनीश गौड़, सन्नी गौड़, मनीष गौड़, अंगनू गौड़ और प्रदीप गौड़ के खिलाफ बीएनएस की धारा 3(5), 115(2), 352, 351(3) एवं 132 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक पुनीत कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
]]>
रिपोर्ट_______अरुण यादव
आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र में लगभग दो वर्ष पुराने मारपीट, घर में घुसकर हमला और युवती से अभद्रता के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, एक महिला की ओर से दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 21 जुलाई 2023 की शाम करीब 7:30 बजे पुरानी रंजिश को लेकर गांव के कुछ लोगों ने पहले उनके परिजन के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपी कथित रूप से जान से मारने की नीयत से दौड़े और बाद में जबरन उनके घर में घुस गए। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने महिला, उनके पति और बेटी के साथ मारपीट की। साथ ही आरोप है कि मारपीट के दौरान बेटी के कपड़े फाड़कर उसके साथ अभद्रता भी की गई।
शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के समय पुलिस को सूचना देने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में कंधरापुर थाना पुलिस ने अब मामले में एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने दीचंद, श्रवण, भरत, चंद्रशेखर, कंचन, खुशबू, अंशु, पंकज, सुरेंद्र तथा हरिकेश सहित कुल 10 नामजद आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धाराओं 34, 323, 352, 452, 504, 506 एवं 354(बी) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रेम शंकर मिश्रा को सौंपी गई है। वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
]]>
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर युवाओं को कथित रूप से गुमराह करने का मामला सामने आया है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक श्री राममूर्ति की तहरीर पर सिधारी थाना पुलिस ने एक निजी इंटरनेशनल रिक्रूटमेंट एजेंसी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए रोजगार संगम पोर्टल संचालित किया जाता है। इसी पोर्टल के माध्यम से देश और विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं तथा विदेशों में भर्ती की प्रक्रिया भी निर्धारित नियमों के तहत संपन्न कराई जाती है।
आरोप है कि इजराइल में श्रमिकों की भर्ती की आधिकारिक चयन प्रक्रिया रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से चल रही थी। इसके बावजूद 3 अगस्त 2026 को सिधारी थाना क्षेत्र स्थित गल्फ टेक्निकल इंस्टीट्यूट परिसर में एक निजी रिक्रूटमेंट एजेंसी द्वारा पोर्टल को दरकिनार करते हुए भर्ती और साक्षात्कार आयोजित किया गया। शिकायत में कहा गया है कि इस प्रक्रिया से बेरोजगार युवाओं को भ्रमित किया गया और उनके साथ धोखाधड़ी किए जाने की आशंका है।
एफआईआर में मैसर्स आर.के. इंटरनेशनल रिक्रूटमेंट एजेंसी को नामजद किया गया है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक मृत्युंजय सिंह को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान भर्ती प्रक्रिया, संबंधित दस्तावेजों और एजेंसी की वैधानिक स्थिति की पड़ताल की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
]]>
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में एक महिला से व्हाट्सएप कॉल और ऑनलाइन झांसा देकर ₹1.81 लाख की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर सिधारी पुलिस ने आईटी (संशोधन) अधिनियम, 2008 की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के अनुसार, सिधारी कस्बा निवासी रीना सिंह ने पुलिस को बताया कि 25 जुलाई से 28 जुलाई 2026 के बीच उनके मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क किया गया। कॉल करने वालों ने विभिन्न बहाने बनाकर उनसे कई किश्तों में रुपये अपने बताए गए खातों में ट्रांसफर करा लिए।
शिकायत में कहा गया है कि पीड़िता ने पहले ₹6,000, फिर ₹15,000, उसके बाद ₹20,000 तथा अंत में ₹50,000 सहित अलग-अलग माध्यमों से कुल ₹1,81,000 की धनराशि भेजी। बाद में उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है। इसके बाद उन्होंने साइबर पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना निरीक्षक शिव कुमार यादव को सौंपी गई है। पुलिस संबंधित मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और लेन-देन के विवरण की जांच कर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल, व्हाट्सएप या अन्य ऑनलाइन माध्यम से धनराशि ट्रांसफर न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
]]>