आज़मगढ़।जिले के फूलपुर कस्बे में झाड़–फूंक का झांसा देकर ठगों ने एक महिला से तीस हज़ार रुपये और लाखों के जेवर ठग लिए। पीड़िता के पति ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है।
फूलपुर कस्बा निवासी राजकुमार साव उर्फ बिहारी की पत्नी आशा देवी शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे घर के पास गली में कूड़ा फेंकने जा रही थीं। तभी एक संदिग्ध व्यक्ति ने खुद को तांत्रिक बताते हुए उन्हें रोक लिया। कुछ ही देर में उसके दो अन्य सहयोगी भी वहां पहुंच गए।
तीनों ठगों ने झाड़–फूंक का बहाना बनाकर महिला को घर में रखे जेवर और रुपये लाने के लिए राज़ी कर लिया। ठगों की बातों में आकर महिला बिना किसी को बताए अपने और बहुओं के जेवर तथा ₹30,000 एक झोले में रखकर गली में पहुंचीं। ठगों ने रुपए–जेवर से भरा झोला लेकर उन्हें दूसरा खाली झोला थमा दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना का पता चलने पर पीड़िता के पति राजकुमार साव उर्फ बिहारी ने फूलपुर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। फूलपुर कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
