आजमगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। मुंडेश्वर नाथ रोड क्रॉसिंग के पास कटी हुई पतंग को पकड़ने के प्रयास में एक किशोर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया, जहां तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


मिली जानकारी के अनुसार, मुंडेश्वर नाथ रोड निवासी विमलेश सोनकर का 13 वर्षीय पुत्र सृजन सोनकर दोपहर में स्कूल से घर लौटा था। खाना खाने के बाद वह खेलने के लिए बाहर निकला। इसी दौरान एक कटी हुई पतंग को पकड़ने के चक्कर में वह दौड़ते हुए रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि आजमगढ़ से शाहगंज की ओर जा रही अप लाइन की ट्रेन काफी तेज रफ्तार में थी। सृजन का ध्यान पूरी तरह पतंग पर था, जिससे वह ट्रेन के इंजन की आवाज नहीं सुन सका और उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक सृजन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।  सूचना पर पहुंची फूलपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।