आज़मगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के बस्तीभुजबल गांव के पास अहरौला-कप्तानगंज मार्ग पर बृहस्पतिवार की शाम गिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से दस वर्षीय छात्र अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।

इससे आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर वह शांत हुए। मृतक छात्र अर्पित (10) पुत्र धर्मेंद्र राम बस्तीभुजबल गांव का निवासी था। अर्पित अपनी साइकिल से बाजार से घर लौट रहा था, तभी गिट्टी लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने भाग रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को दौड़ाकर पकड़ लिया, हालांकि चालक मौके से भाग गया।

घटना से आक्रोशित  ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे अहरौला थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। परिजन आजमगढ़ से छात्र का शव लेकर घर पहुंच रहे थे। लोगों के गुस्से को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात है। मृत छात्र अर्पित दो भाइयों में दूसरे नंबर पर था और कक्षा चार का छात्र था।

थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।