रिपोर्ट: अरुण यादव

आज़मगढ़।  जिले के मुबारकपुर थाना पुलिस ने एक ज्वैलर्स की दुकान से गहने खरीदने के बहाने चोरी करने वाले दूसरे अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किया है।

बीते 16 अगस्त को पीडित शुभम सिंह पुत्र रामविभो सिंह निवासी फराश टोला, कोतवाली आजमगढ़ ने तहरीर दी कि 11 मई को शाम लगभग पांच बजे दीपक सोनकर पुत्र बिन्देश्वरी सोनकर निवासी कस्बा घोसी, जनपद मऊ तथा मीरा सोनकर पत्नी गुड्डु सोनकर निवासी ग्राम रामचक, थाना रुद्रपुर जनपद देवरिया उनकी दुकान दीपक ज्वैलर्स पर गहना देखने आए थे। वादी द्वारा एक जोड़ा झाला दिखाया गया, जिसे दोनों ने देखा और ध्यान बंटते ही झाला चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान अभियुक्ता मीरा सोनकर को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जा चुका है।

सोमवार को उ0नि0 अखिलेश कुमार चौबे मय हमराह पुलिस बल ने मुखबिर की सूचना पर मुकदमे से संबंधित अभियुक्त दीपक सोनकर को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे भटौरा अंडरपास पुल के नीचे से  गिरफ्तार किया। उसके पास से एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह और मीरा सोनकर मिलकर आस-पास के जिलों में सोनार की दुकानों पर गहनों की खरीददारी का बहाना बनाकर जाते हैं। दुकानदार से अधिक गहने निकलवाने के दौरान उसका ध्यान बंटाते ही गहने चोरी कर लेते और पल्सर मोटरसाइकिल से भाग निकलते हैं। पकड़े जाने की स्थिति में लोगों को डराने के लिए तमंचा साथ रखते हैं।