रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के पकड़ी खुर्द गांव निवासी नीरज सिंह, जिसने शुक्रवार को लालगंज स्थित एक रेस्टोरेंट में अपनी ही बेटी और उसके दोस्त को गोली मार दी थी, को पुलिस ने शनिवार को रानी सराय थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। इस घटना में बेटी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि युवक का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता रंजना सिंह पत्नी जीतबहादुर सिंह निवासी मसीरपुर थाना देवगांव ने थाना देवगांव में तहरीर दी थी कि उनका पुत्र आदित्य सिंह और उसकी दोस्त अक्षरा सिंह लालगंज भीरा रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में बैठे थे। तभी अक्षरा के पिता नीरज सिंह पुत्र सत्यदेव सिंह निवासी पकड़ी खुर्द थाना देवगांव वहां पहुंचे और आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दोनों पर गोली चला दी। घटना में अक्षरा सिंह को गंभीर चोट आई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि आदित्य का इलाज अब भी जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने तत्काल देवगांव कोतवाली प्रभारी को अभियुक्त की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय को मुखबिर से सूचना मिली कि नीरज सिंह अपने परिचित से मिलने रानी सराय क्षेत्र गया है। पुलिस ने सेमरहा अंडरपास के पास से अभियुक्त को शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्ज़े से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस बरामद किया है।
पुलिस की पूछताछ में नीरज सिंह ने स्वीकार किया कि वह अपनी बेटी अक्षरा और आदित्य की दोस्ती से नाराज था और उन्हें कई बार समझाने के बाद भी न मानने पर उसने गुस्से में आकर गोली चला दी थी।
