आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के निवासिनी एक छात्रा ने बरदह थाने पर शिकायत पत्र देकर बताया कि छह जुलाई की रात 10 बजे ठेकमा स्थित निजी मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर ने कमरे में घुसकर छेड़खानी और मारपीट की गई। छात्रा ने जाति सूचक शब्द कहकर प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया है।
छात्रा ने बताया कि वह भारत पैरामेडिकल कॉलेज ठेकमा में डीएमएलटी प्रथम वर्ष की छात्रा है। वह कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही है लेकिन कॉलेज डायरेक्टर अक्सर उसे तंग करते थे, कभी बहाने से कमरे में आना, कभी अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना और कई बार छेड़खानी आदि करते थे। पीड़िता ने बताया कि 6 जुलाई की रात करीब 10 बजे, जब वह अपने कमरे में सो रही थी तब डायरेक्टर उसके कमरे में आए और जबरदस्ती करने की कोशिश करने लगे। छात्रा के विरोध करने पर उन्होंने जातिसूचक गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और सिर दीवार में लड़ा दिया। साथ ही पीटा।
घटना के बाद पीड़िता 7 जुलाई को न्याय की उम्मीद में बरदह थाने पहुंची लेकिन वहां से उसे वापस भेज दिया गया। थक-हारकर 10 जुलाई को वह एसएसपी ऑफिस पहुंची, एसएसपी के आश्वासन के बाद शुक्रवार को वह बरदह थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग करने लगी। थानाध्यक्ष ने उसे कार्रवाई का कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस संबंध में थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि इस मामले छेड़खानी और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। छात्रा ने एक ऑडियो क्लिप भी दी है। सीओ इसकी जांच करेंगे।
भारत पैरा मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर मधुनाथ प्रजापति ने बताया कि उक्त लड़की तीन लड़कियाें के साथ हॉस्टल में रहती थी। वह देर रात तक फोन चलाती थी। इसके कारण उसे एक बार कालेज से निकाला भी गया था। फिर उसकी मां के कहने पर लड़की को फिर से हॉस्टल में रखा गया। लेकिन, वह फिर पहले की तरह ही मोबाइल चलाने लगी। इसके कारण उसे मेरे द्वारा डांटा फटकारा गया था। उसके द्वारा जो इल्जाम लगाया जा रहा है वह गलत है।
