आज़मगढ़/ अंबेडकर नगर। अंबेडकरनगर जिले के जलालपुर कोतवाली क्षेत्र में एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है। आजमगढ़ से आई एक युवती ने रिश्तेदारी निभाने के बजाय अपने रिश्तेदार की ही बेटी के दिल पर कब्जा कर लिया। दोनों युवतियों ने स्कूटी पर सवार होकर फरार हो जाने तक का साहसिक कदम उठाया और संगम नगरी प्रयागराज में नया जीवन शुरू करने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार, यह मामला बीते माह का है, जब आजमगढ़ की युवती अपने रिश्तेदार के घर जलालपुर पहुंची। लेकिन वह अपने रिश्तेदारी के दायित्वों को निभाने के बजाय 27 वर्षीय युवती के साथ भावनात्मक रूप से जुड़ गई। मौका मिलते ही दोनों ने स्कूटी लेकर जलालपुर बाजार से फरार होने का साहसिक कदम उठाया।
परिजन ने इसकी सूचना पुलिस को दी और बीते पांच अगस्त को युवती के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने दोनों युवतियों की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पता चला कि दोनों प्रयागराज में रहकर नया जीवन शुरू करना चाहती थीं। परिजनों ने उन्हें खोजते-खोजते संगम नगरी में ढूंढ निकाला और शुक्रवार को कोतवाली जलालपुर ले आए।
पुलिस के सामने पेश होते ही दोनों युवतियों ने एक-दूसरे का साथ छोड़ने से साफ इनकार किया और साथ रहने की जिद पर अड़ी रहीं। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि अब किसी भी हालत में अलग नहीं होंगी। परिजनों का दावा है कि दोनों ने समलैंगिक विवाह भी कर लिया है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
प्रभारी कोतवाल जैद अहमद ने बताया कि मामले में मुकदमा पहले से ही दर्ज है। मामले की जांच अभी जारी है।
वही इस अनोखी प्रेम कहानी ने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है और लोग इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
