आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय ने पी-एच.डी. और बी.ए. एलएल.बी. में प्रवेश की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2025 तक बढ़ा दी है। यह निर्णय कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार की अध्यक्षता में हुई परीक्षा समिति की बैठक में छात्रों के हित और प्रवेश प्रक्रिया में तकनीकी समस्याओं को ध्यान में रखकर लिया गया। समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रवेश लिया जा सकेगा।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा समिति की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सभी संबद्ध महाविद्यालयों के समस्त पाठ्यक्रमों में प्रवेश की तिथि बढ़ाई जाएगी। कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार ने कहा कि छात्रों का हित सर्वोपरि है और पठन-पाठन का नियमित संचालन सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय परिसर में पढ़ाई सामान्य रूप से चल रही है, लेकिन छात्रों और महाविद्यालयों को समर्थ पोर्टल के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया में आ रही तकनीकी समस्याओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
परीक्षा समिति ने नई शिक्षा नीति 2020 के तहत प्रायोगिक परीक्षाओं में हुई असुविधाओं का भी समाधान देने का निर्णय किया है। इससे उन छात्रों को एक अतिरिक्त अवसर मिलेगा, जिन्हें पिछली बार परीक्षाओं में कठिनाई हुई थी।
परीक्षा नियंत्रक एवं कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र ने समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन लगातार छात्रों और महाविद्यालयों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठा रहा है। इस विस्तारित तिथि के बाद छात्र समर्थ पोर्टल के माध्यम से आसानी से प्रवेश ले सकेंगे और किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।
