आजमगढ़। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को जिले में देव दीपावली का पर्व आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालु स्नान-दान और पूजन में जुटे रहे। शाम होते ही नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के घाट दीपों की झिलमिल रोशनी से जगमगा उठे। तमसा तट पर दीपों की लौ से अलौकिक दृश्य बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम आजमगढ़ नगर के गौरीशंकर घाट, कदम घाट, दलाल घाट और गोदाम घाट सहित विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। लोगों ने परिवार के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए पूजन-अर्चन किया और आरती उतारी। तमसा नदी तट पर आरती के बाद हजारों दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरा इलाका प्रकाशमय हो उठा। घाटों पर दीपों से बनाई गई रंगोली और सजावट ने लोगों को आकर्षित किया। श्रद्धालुओं ने आरती के बाद जमकर आतिशबाजी भी की।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी देव दीपावली की भव्य छटा देखने को मिली। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में घाटों और घरों को दीपों से सजाया। इस अवसर पर हर ओर ‘हर हर महादेव’ और ‘गंगा मइया की जय’ के जयकारे गूंजते रहे।