रिपोर्ट: दीपक चौरसिया

कप्तानगंज, आजमगढ़। स्थानीय कस्बे के महराजगंज रोड स्थित बाबा गोपीदास की कुटी परिसर में गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर इस वर्ष भी परंपरा के अनुरूप भव्य दंगल और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आसपास के गांवों व जनपद के नामी-गिरामी पहलवानों ने भाग लेकर अपनी कुश्ती कला का शानदार प्रदर्शन किया।

करीब दो दर्जन जोड़ी पहलवानों ने अखाड़े में दमखम दिखाया। रोमांचक मुकाबले में देवेश यादव नीबी ने सूरज यादव बलई साधू अखाड़ा को हराकर जीत दर्ज की। वहीं, विजय यादव नीबी और टाइगर पहलवान भुअर अखाड़ा जीयनपुर के बीच हुए जोरदार मुकाबले में टाइगर पहलवान विजयी रहे। देशभक्त पहलवान स्टेडियम आजमगढ़ और राज शर्मा कदमघाट के बीच हुए दंगल में स्टेडियम आजमगढ़ ने जीत का परचम लहराया।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण रहा महिला पहलवानों के बीच खेला गया फाइनल राउंड, जिसमें दोनों महिला पहलवानों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ, लेकिन दोनों की कुश्ती ने दर्शकों को खूब रोमांचित कर दिया।

विजेता पहलवानों को आयोजन समिति की ओर से 1100 रुपये नगद और वस्त्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं महिला पहलवानों को विशेष पुरस्कार के रूप में 2700 रुपये नगद व वस्त्र भेट किए गए। मैच के रेफरी की भूमिका सुरेश पहलवान ने निभाई।

कार्यक्रम का सफल संचालन गोमती यादव, रामअवध यादव, जोखन सोनकर, बिट्टू शुक्ला, राजेश सोनकर, दुलारे राम, राजकुमार सोनकर, बजरंगी जायसवाल, बाबूलाल सोनकर और पवन बारी ने किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालु व खेल प्रेमियों की भारी भीड़ रही, जिन्होंने दंगल का लुत्फ उठाने के बाद भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।