आजमगढ़। शासन द्वारा कौशल प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान लागू किया गया है। योजना के प्रचार-प्रसार और प्रशिक्षण हेतु आज हरिऔध कला केंद्र स्थित आडिटोरियम में एक दिवसीय मण्डलीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें आजमगढ़, बलिया और मऊ जनपदों से 200 से अधिक प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने भाग लिया। वहीं आजमगढ़ जिले के 300 से अधिक अभ्यर्थी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, राजकीय पॉलिटेक्निक और अन्य योजनाओं से प्रशिक्षित होकर शामिल हुए।
कार्यशाला में उ०प्र० सीएम युवा मिशन कार्यालय, लखनऊ से आए विशेषज्ञ प्रवीण चौहान ने योजना की आवेदन प्रक्रिया और नवाचार परियोजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही आशीष प्रताप सिंह ने बैंक से जुड़ी समस्याओं का समाधान बताया। संयुक्त आयुक्त उद्योग, रंजन चतुर्वेदी ने योजना का उद्देश्य बताया कि अगले 10 वर्षों में 10 लाख नई सूक्ष्म इकाइयाँ स्थापित कर रोजगार सृजन और पूँजी निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा।
उपायुक्त उद्योग, साहब सरन ने प्रतिभागियों से योजना संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु कार्यालय से संपर्क करने का आह्वान किया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का विधिवत समापन करते हुए उन्होंने अभ्यर्थियों का धन्यवाद किया।
कार्यशाला में विभिन्न जनपदों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, प्रशिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य व प्रशिक्षक उपस्थित रहे। इस अभियान से युवाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और प्रदेश में उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा।
