आजमगढ़। राजभवन, भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव कुमार के मार्गदर्शन में 2 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा 2025’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सेमिनार हाल में कविता, भाषण और गायन प्रतियोगिता में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित करने के लिए प्रशासनिक भवन के पोर्च में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह हुआ, जिसकी अध्यक्षता कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने की।

मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित व दीप प्रज्वलन से हुआ। सरस्वती वंदना के बाद विश्वविद्यालय की छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। सुषमा पांडे का तबला वादन और एक छात्रा का ‘देश मेरा रंगीला’ पर नृत्य विशेष आकर्षण रहे। पूरा वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत दिखा।

गायन प्रतियोगिता में कामेश्वर गिरी प्रथम, मोबिना खातून द्वितीय, जबकि रजनीकांत एवं वंदना संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे। कविता प्रतियोगिता में हिमांशु प्रथम, श्रेया पांडे द्वितीय और आकांक्षा तृतीय रहीं। भाषण प्रतियोगिता में मोबिना खातून प्रथम, सृष्टि राय द्वितीय और तृतीय स्थान पर अन्य प्रतिभागी रहीं। साथ ही रंगोली और राखी प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। कुलपति ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और विशेष रूप से सभी प्रस्तुति देने वालों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया, जिसका दर्शकों ने तालियों से स्वागत किया।

कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र ने कहा कि अनुशासन को जीवन में अपनाने वाला व्यक्ति सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचता है। उन्होंने विश्वास जताया कि कुलपति के नेतृत्व में विश्वविद्यालय नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। आयोजन समिति की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि कम समय में इतना भव्य आयोजन टीमवर्क का उदाहरण है।

संयोजक प्रो. प्रशांत राय ने कुलपति, कुलसचिव, प्राध्यापकों और छात्रों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में डॉ. पंकज सिंह, डॉ. देवेंद्र पांडे, डॉ. घनश्याम, डॉ. जयप्रकाश, डॉ. नितेश, डॉ. अग्रहरि, डॉ. शुक्ला, ऋतंभरा, डॉ. रेनू, डॉ. प्रियंका, डॉ. निधि सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। संचालन डॉ. वैशाली सिंह ने किया।