रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के बर्रा गांव में करीब छह माह पूर्व मारपीट की सूचना पर पहुँची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया था, जिसमें थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उसी मामले में फरार चल रही एक महिला अभियुक्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बात दे कि बीते 6 जून की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे पीआरवी 1043 को इवेंट संख्या 29435 के अंतर्गत ग्राम बर्रा थाना बरदह भेजा गया था। वहाँ विवाद के निस्तारण के दौरान शिवा राजभर, शुभम, विकास, सूरज, शिवमूरत, संगम, फूलमती आदि ग्रामीणों ने मिलकर पीआरवी वाहन को रोक लिया और ईंट-पत्थर चलाकर गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया।
सूचना पर थानाध्यक्ष बरदह राजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे तो उपरोक्त व्यक्तियों ने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस बल पर लाठी-डंडों एवं ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में थानाध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी जिसमे उपनिरीक्षक संजय कुमार, हेड कांस्टेबल विहंगल यादव, कांस्टेबल ललित सरोज, अनिल सरोज और वाल्मीकि निषाद घायल हो गए।
गंभीर चोट लगने पर थानाध्यक्ष को शहर के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनकी हालत नाजुक बताई गई थी। हमले में सरकारी मोबाइल फोन, निजी मोबाइल व सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए थे।
घटना के संबंध में थाना बरदह पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। बाद में थानाध्यक्ष के हाथ में फ्रैक्चर आने पर धारा 117(2) बीएनएस भी जोड़ी गई।
रविवार को उपनिरीक्षक गौरव सिंह कोतवाली देवगांव को मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि उक्त घटना में वांछित अभियुक्ता फूलमती पत्नी मनकू निवासी बर्रा थाना बरदह अपने घर पर मौजूद है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर अभियुक्ता को सुबह गिरफ्तार कर लिया।
