आजमगढ़ । जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और घटना में इस्तेमाल किए गए उपकरण भी बरामद किए ।
23 दिसंबर 2025 को जहांगीर नगर निवासी गौतम रावत ने मेंहनगर थाने में तहरीर देकर बताया कि शास्त्री नगर स्थित उनकी पान की दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने करीब 15 हजार रुपये का सामान और 23 हजार रुपये नकद चोरी कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान 19 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक तुषार त्रिपाठी ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए लखराव पोखरा क्षेत्र से चार अभियुक्तों—वीरबल चौहान, सोनू चौहान, किशन यादव और शनि यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक आरी, एक रम्मा और चोरी के 2,100 रुपये नगद बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों में से वीरबल चौहान के खिलाफ पहले से भी चोरी समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
