आजमगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की तीन टुल्लू मोटर, एक ट्रैक्टर की बैटरी, एक साउंड बॉक्स और 360 रुपये नकद बरामद किए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के  ओरा गांव निवासी हरेन्द्र मौर्य ने शुक्रवार को थाना कप्तानगंज में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके ट्रैक्टर से बैटरी चोरी कर ली है। इसी तरह सुमित कुमार ने अपने घर से मोटर व साउंड बॉक्स चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा रमेश राय और सुरेन्द्र प्रजापति ने भी अपने घर से मोटर चोरी होने की सूचना पुलिस को दी थी। इन सभी मामलों में थाना कप्तानगंज में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान महिला उपनिरीक्षक सानिया गुप्ता ने साक्ष्यों के आधार पर मोनू गौड़ पुत्र हीरालाल गौड़ निवासी ग्राम ओरा थाना कप्तानगंज तथा एक बाल अपचारी का नाम प्रकाश में लाया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को म0उ0नि0 सानिया गुप्ता व उ0नि0 राम निहाल वर्मा ने पुलिस टीम के साथ ओरा गेट के पास से दोनों को हिरासत में ले लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से तीन टुल्लू मोटर, एक ट्रैक्टर की बैटरी, एक साउंड बॉक्स और 360 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए मोनू गौड़ का चालान न्यायालय भेज दिया, जबकि बाल अपचारी के संबंध में विधिक कार्रवाई की जा रही है।