
रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। जिले के मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के बरवां गांव में प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी युवक की धारदार हथियार से हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में युवती की मां और दो भाई शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के अहिरौली खिजिरपुर गांव निवासी अरुण राजभर ने मेंहनाजपुर थाने में तहरीर दी थी कि उसका भतीजा अमित राजभर उर्फ गोलू मेंहनाजपुर थाना क्षेत्र के बरवां गांव की एक लड़की से प्रेम करता था।
कई बार समझाने के बावजूद वह चार जून की रात लड़की से मिलने उसके घर चला गया। वहीं युवती के परिजनों ने उस पर हमला कर हत्या कर दी। घटना के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया और जांच शुरू की। बृहस्पतिवार को थानाध्यक्ष
वीरेंद्र कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ अवनीश राजभर व मनीष राजभर को बरवां मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद शुक्रवार को उपनिरीक्षक विक्रांत मिश्रा ने महिला आरक्षी चंदा पाल की मदद से नामजद आरोपी युवती की मां सुदामा देवी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू भी बरामद किया। थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई है।