आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय खेल प्रतियोगिता “खेल उमंग” का विधिवत आगाज 16 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव करेंगे। यह आयोजन राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा तथा कुलपति प्रो. संजीव कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय खेल उमंग कार्यक्रम की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। मीडिया प्रभारी के अनुसार अवकाश के बावजूद खेल उमंग समिति के सदस्य कुलपति प्रो. संजीव कुमार के निर्देशन और संयोजक प्रो. प्रशांत राय के नेतृत्व में तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।
बताया गया कि प्रतियोगिता के उद्घाटन के बाद पुरुष कबड्डी, बास्केटबॉल, खो-खो, हैंडबॉल, 100 मीटर, 200 मीटर रिले रेस, टेबल टेनिस और शॉटपुट जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए उद्घाटन सत्र को सीमित रखा गया है तथा प्रतियोगिता के लिए कोऑर्डिनेटर और सह-कोऑर्डिनेटर भी नियुक्त कर दिए गए हैं।

कुलपति ने निर्देश दिया है कि गर्मी को देखते हुए 16 मार्च को प्रतियोगिताएं सुबह 9 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक तथा 17 और 18 मार्च को सुबह 8 बजे से 1:30 बजे तक आयोजित की जाएंगी। सभी कॉलेजों और टीम प्रभारियों को खेल का समय, स्थान और तिथि परिसर में स्पष्ट रूप से चस्पा करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचारित करने को कहा गया है।
कुलपति ने यह भी निर्देश दिया है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था की जाए। इसके लिए जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी से भी पत्राचार किया गया है। उन्होंने कहा कि खेल उमंग का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देना और उन्हें स्वस्थ एवं तनावमुक्त वातावरण प्रदान करना है।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कुलसचिव डॉ. अंजनी कुमार मिश्र, सहायक कुलसचिव डॉ. महेश श्रीवास्तव, संयोजक प्रो. प्रशांत राय और सहसंयोजक प्रो. अमरजीत सहित पूरी टीम तैयारियों को अंतिम रूप दे चुकी है और अब मुख्य अतिथि के आगमन के साथ प्रतिभागियों के प्रदर्शन का इंतजार है।