भोजपुर । बिहार के भोजपुर जिले के करनामेपुर थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की एक नर्तकी के साथ दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना शनिवार की रात की बताई जा रही है। विरोध करने पर मारपीट का भी आरोप है। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहन जांच-पड़ताल जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जिले की रहने वाली एक नर्तकी बिहार के करनामेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में किराये के मकान में रहती है। वह स्थानीय स्तर पर संचालित एक नाच पार्टी में डांसर का काम करती है और आसपास के गांवों में होने वाले कार्यक्रमों में प्रस्तुति देती है।
बताया जा रहा है कि शनिवार की शाम वह उसी थाना क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम के दौरान ही तीन युवकों ने उसे बहला-फुसलाकर दूसरी जगह चलने के लिए कहा। आरोप है कि वहां ले जाकर तीनों ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। घटना के बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने परिचितों तक पहुंची और पूरी जानकारी दी।
रविवार की सुबह पीड़िता और नाच पार्टी के संचालक की ओर से थाने में शिकायत दी गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए संभावित ठिकानों पर दबिश दी और तीनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि तीनों करनामेपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं।
पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा है। साथ ही न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। थानाध्यक्ष के अनुसार नर्तकी की लिखित शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट व बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
