सांकेतिक तस्वीर
आज़मगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नेवादा दलित बस्ती के सामने स्थित एक किराना दुकान को चोरों ने बीती गुरुवार रात निशाना बना लिया। पीछे की दीवार काटकर दुकान में घुसे चोर नकदी समेत हजारों रुपये का सामान समेट ले गए। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह मिलने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार नेवादा गांव निवासी रिंकू यादव की महराजगंज रोड पर किराना की दुकान है। रोज की तरह गुरुवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर वे लगभग 500 मीटर दूर अपने घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे जब दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की दीवार में सेंध लगी देख उनके होश उड़ गए।
पीड़ित के अनुसार काउंटर में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद—जिसमें 18 हजार रुपये सामान खरीद के और दो हजार रुपये बिक्री के थे, चोर ले गए। इसके साथ ही दुकान में रखा लगभग पांच हजार रुपये मूल्य का सामान भी गायब मिला।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस बारे में थाना प्रभारी जय प्रकाश ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।
