रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के कोतवाली देवगांव पुलिस ने लूट की वारदात का  अनावरण करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 12,550 रुपये नकद, एक अवैध असलहा, कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।

गौरतलब है कि बीते 19 अगस्त को मिर्जापुर निवासी शुभम कुमार कौशल ने थाने में तहरीर दी कि अज्ञात बदमाश उनका बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में कलेक्शन का करीब 38,000 रुपये, दो मोबाइल और एक सैमसंग टैब था। इस प्रकरण में कोतवाली देवगांव पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक गोपाल जी को सौंपी गई।

पुलिस टीम को बुधवार की रात को सूचना मिली कि केराकत से तीन बदमाश मोटरसाइकिल पर आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने डोमनपुर महावीर तिराहे पर चेकिंग की और संदिग्ध मोटरसाइकिल सवारों को रोका। पूछताछ में उनकी पहचान रोहित कुमार, अभिषेक उर्फ बंटी और अमन कुमार, तीनों निवासी जनपद जौनपुर, के रूप में हुई। तीनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 19 अगस्त को डोमनपुर प्राइमरी स्कूल के पास दो व्यक्तियों को ओवरटेक कर रोक लिया था। तमंचा और चाकू दिखाकर उन्होंने बैग से 38,000 रुपये, दो मोबाइल और टैब लूट लिया था

पुलिस ने आरोपियों को डोमनपुर महावीर तिराहे से देर रात  गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।