आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बारीखास में नल से पानी लेने को लेकर हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट, जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा और शांति व्यवस्था भंग करने के मामले में पुलिस ने तीन महिला अभियुक्ताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना 8 जनवरी को सुबह ग्राम बारीखास में जहां प्रथम पक्ष विमला देवी पत्नी स्व. हरेन्द्र चौहान और विनीता देवी पत्नी हरेन्द्र चौहान तथा द्वितीय पक्ष सरिता देवी पत्नी जगदीश चौहान व गोविन्द पुत्र भगेलू चौहान के बीच नल से पानी गिरने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों पक्षों में गाली-गलौज होने लगी और जान से मारने की नीयत से बांस के डंडे से एक-दूसरे के सिर पर वार कर दिया गया, जिसमें लोग घायल हो गए।
सूचना पर मौके पर पहुंचे बीट आरक्षी अनिल गुप्ता ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे और उग्र हो गए तथा सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए शांति व्यवस्था भंग की और एक-दूसरे को जान से मारने की धमकी दी।
इस संबंध में थाना निजामाबाद पर मुकदमा दर्ज किया गया।
शनिवार को उपनिरीक्षक लाला राम पुलिस टीम के साथ ग्राम बारीखास पहुंचे और मुकदमे में वांछित अभियुक्ताओं विमला देवी, विनीता देवी और सरिता देवी को उनके घर से गिरफ्तार कर महिला पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
