रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़ । जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में दस दिन पहले एक महिला से हुई टप्पेबाजी की सनसनीखेज वारदात में शामिल बदमाशों की पुलिस से जोरदार मुठभेड़ हो गई। सघन रात्रि चेकिंग के दौरान हुई इस कार्रवाई में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई फायरिंग से पूरा इलाका दहल उठा। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के एक शातिर सदस्य को गोली मारकर धर दबोचा, जबकि उसके एक साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, वहीं तीसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान जेवरात, अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है।



बीती रात जरिए मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष फूलपुर सच्चिदानंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही संदिग्ध मोटरसाइकिल को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन बदमाश पुलिस को देखकर मुडियार रोड की ओर भागने लगे। भागते समय उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने  पुलिस टीम पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में की गई नियंत्रित फायरिंग में एक बदमाश राजेश हरिजन पुत्र चन्द्रभान, निवासी ग्राम रम्मोपुर, थाना दीदारगंज, आजमगढ़  के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
मौके से उसके साथी प्रमोद हरिजन पुत्र स्वर्गीय मधुबन, निवासी ग्राम खानजहांपुर, थाना फूलपुर, आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि तीसरा अभियुक्त अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल अभियुक्त को तत्काल सीएचसी फूलपुर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया गया।


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार बदमाशों का संबंध 20 दिसंबर को हुई टप्पेबाजी की घटना से है। इस मामले में 22 दिसंबर को चकनूरी निवासी महिला ने थाना फूलपुर में तहरीर देकर बताया था कि बिजली का बिल जमा कर घर लौटते समय खुरासों मोड़ के आगे दिल्ली दरबार के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने बहला-फुसलाकर उसका मंगलसूत्र और कान की बालियां उतरवा ली थीं और धोखे से कागजों का बंडल थमा दिया था। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने पीली धातु का मंगलसूत्र लॉकेट, दो कान के टॉप्स, तमंचा, कारतूस, दो मोबाइल फोन, 1770 रुपये नकद और बिना नंबर की बाइक बरामद की है।


पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक घायल अभियुक्त राजेश हरिजन के खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, ठगी, अवैध हथियार, एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम समेत कुल 9 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि प्रमोद हरिजन के खिलाफ 2 मुकदमे पंजीकृत हैं।