आज़मगढ़। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के महराजगंज रोड पर नेवादा के समीप शादी में जा रहे दो युवक बाइक से जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना ने परिवार और गांव में कोहराम मचा दिया।
जानकारी के अनुसार अतरौलिया थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी 25 वर्षीय विशाल यादव पूना में बेल्डिंग का काम करते थे। भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए वह एक माह पूर्व घर आए थे। मंगलवार की रात विशाल यादव और उनके मित्र 25 वर्षीय पवन यादव रौनापार थाना क्षेत्र के चांदपट्टी गांव निवासी चंद्रप्रकाश मौर्य की शादी में शामिल होने के लिए कंधरापुर थाना क्षेत्र के लेडूपार गांव बाइक से जा रहे थे। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के महराजगंज रोड पर नेवादा के समीप पीछे से आ रही गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने विशाल यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं पवन यादव की हालत गंभीर देखते हुए उसे शहर के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।
