रिपोर्ट: अरुण यादव
आजमगढ़ । जिले के पवई थाना क्षेत्र में मंगलवार को रेल हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। नरवारी गांव के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय एक नवविवाहिता महिला ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जिले के दोस्तपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली वसुंधरा देवी पत्नी सतीश कुमार करीब एक माह पहले अपने मायके नरवारी, थाना पवई आई हुई थी। मंगलवार को वह खेत की सिंचाई के लिए रेलवे ट्रैक पार कर रही थी। इसी दौरान अचानक आई ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
कुछ देर बाद वसुंधरा की भाभी किरन भी खेत में सिंचाई के लिए जा रही थी। तभी उसने रेलवे ट्रैक के पास वसुंधरा का शव पड़ा देखा। यह दृश्य देख वह बदहवास हो गई और शोर मचाया। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि वसुंधरा देवी की शादी मात्र 8 माह पहले हुई थी और दो दिन बाद वह अपने ससुराल जनकपुर जाने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
