आजमगढ़।  राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर जिला विज्ञान क्लब द्वारा पीएम श्री बालिका विद्यालय रैदोपुर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन को श्रद्धांजलि दी गई और छात्र-छात्राओं को गणित के महत्व से अवगत कराया गया।

उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के अंतर्गत संचालित जिला विज्ञान क्लब आजमगढ़ द्वारा यह आयोजन किया गया। क्लब के अध्यक्ष जिलाधिकारी एवं उपाध्यक्ष मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का संचालन समन्वयक इंजीनियर कुलभूषण सिंह ने कराया। मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक मंडल आजमगढ़ श्री नवल किशोर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने श्रीनिवास रामानुजन को नमन करते हुए कहा कि गणित केवल विषय नहीं, बल्कि जीवन में तार्किक सोच विकसित करने का माध्यम है और युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
डायट के प्रवक्ता एवं गणित विशेषज्ञ श्री पुनीत ने प्रोजेक्टर के माध्यम से रामानुजन के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री दिखाई तथा पीपीटी के जरिए गणित को सरल बनाने के उपाय बताए। उन्होंने वैदिक गणित की विधियों से त्वरित गणना के तरीके भी समझाए। शिक्षक श्री जयकरण ने गणित को रोचक ढंग से पढ़ाने की विधियों पर प्रकाश डाला। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि, प्रधानाचार्य रूबी खातून व समन्वयक कुलभूषण सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।