




आजमगढ़। सामाजिक न्याय एवं बाल भवन केंद्र हरबंशपुर में बृहस्पतिवार को पूर्व सांसद चंद्रजीत यादव की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने पूर्व सांसद चंद्रजीत यादव के सामाजिक न्याय और समानता के लिए किए गए संघर्ष को याद किया। प्रो. नागेंद्र नाथ यादव ने कहा कि चंद्रजीत यादव अनुकरणीय ही नहीं बल्कि अतुलनीय राजनेता थे, जो देश में जहां भी सामाजिक अन्याय और असमानता दिखी, उसके खिलाफ मजबूती से खड़े रहे।
चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि वे सत्ता की राजनीति के आलोचक होने के साथ-साथ समाज के मजदूरों, किसानों, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हितों के लिए लोगों को लगातार प्रेरित करते रहे।
रामजनम यादव ने कहा कि समाजवाद उनके नस-नस में बसा था और इस रास्ते में आने वाले किसी भी समझौते को उन्होंने स्वीकार नहीं किया। वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 1967 में संसद के भीतर उन्होंने पहली बार देश में व्याप्त विषमताओं के मुद्दे पर अपनी ही पार्टी की सरकार को घेरा था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रामकुमार यादव ने की जबकि संचालन अरविंद कुमार भारती ने किया। इस मौके पर डॉ. जहूर आलम, राम अवध यादव, राम गणेश प्रजापति, मुन्नू यादव, विजय यादव, रामदरश, आनंद उपाध्याय, मुख्तार अहमद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
