आज़मगढ़। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में भव्य परेड के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थानों के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीतों, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम एवं सांस्कृतिक चेतना को जीवंत किया गया।
कार्यक्रमों की शुरुआत पुलिस मार्डन स्कूल द्वारा देशभक्ति मिक्स सांग से हुई। इसके बाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ने तिरंगा आधारित गीत प्रस्तुत किया। चिल्ड्रेन कॉलेज ने घूमर-घूमर सांग, राहुल चिल्ड्रेन एकेडमी ने झांसी की रानी की शौर्यगाथा, अटल आवासीय विद्यालय ने देशभक्ति गीत, ताइक्वांडो टीम पुलिस लाइन ने ‘जलवा तेरा जलवा’, सर्वोदया पब्लिक स्कूल ने हरियाणवी देशभक्ति सांग, ज्योति निकेतन स्कूल एवं बीबीएस इंटर कॉलेज ने देशभक्ति मिक्स सांग प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारियों, अभिभावकों एवं दर्शकों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पूरे माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। अंत में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। अभिभावकों ने भी अपने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
