आजमगढ़। जिले की पुलिस ने एक बार फिर ईमानदारी और तकनीकी दक्षता का उदाहरण पेश किया है। जिले में चलाए जा रहे गुमशुदा मोबाइल बरामदगी अभियान के तहत पुलिस ने सैकड़ों लोगों के खोए हुए मोबाइल फोन खोजकर उनके चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से की गई इस कार्रवाई को नागरिकों ने काफी सराहा है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में माह फरवरी 2024 से जनपद में गुमशुदा एंड्रॉयड मोबाइल फोन की खोज के लिए अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत मोबाइल धारकों द्वारा सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जाती है, जिसके आधार पर मोबाइल की ट्रैकिंग कर उसे बरामद किया जाता है।

इसी क्रम में माह दिसंबर 2025 के दौरान आजमगढ़ पुलिस ने जिले में खोए हुए कुल 221 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 59 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद किए गए इन मोबाइल फोनों को आज दिनांक 01 जनवरी 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उनके वास्तविक स्वामियों को विधिवत सुपुर्द किया गया।

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि वर्ष 2025 के दौरान जनपद में कुल 1553 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर मोबाइल धारकों को लौटाए जा चुके हैं। वहीं यदि पिछले 23 महीनों की बात करें तो इस अवधि में आजमगढ़ पुलिस ने कुल 2804 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये है।