रिपोर्ट: आशीष निषाद
अतरौलिया/आज़मगढ़ में सोमवार को सड़क हादसों ने इलाके को दहला दिया। थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हुई दो दुर्घटनाओं में एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक किशोरी समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली घटना नंदना बाजार की है। शाम करीब तीन बजे पकरडीहा गांव निवासी मुस्कान, पुत्री अरुण, साइकिल से घर लौट रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल, जिस पर तीन लोग सवार थे, उससे आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार पप्पू (28) पुत्र रामआसरे, रूपा (26) पुत्री शिवदास और निर्मला (35) पत्नी सुरेश, सभी निवासी धौरहरा, गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं साइकिल सवार किशोरी मुस्कान भी बुरी तरह जख्मी हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीकी 100 शैय्या अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पप्पू और मुस्कान की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
वहीं दूसरी दर्दनाक घटना मनियारपुर गांव के पास लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे हुई। गांव निवासी दुर्गा प्रसाद उर्फ गोविंद (18) पुत्र चंद्रभान एक्सप्रेसवे के किनारे बकरियां चरा रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात चार पहिया वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल दुर्गा प्रसाद को ग्रामीण 100 शैय्या अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां सावित्री का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता चंद्रभान मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मृतक की एक बड़ी बहन साधना है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
